प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज ने राज्य सरकार एवं भाजपा-कांग्रेस के संगठन प्रमुखों को पत्र भेजकर राज्यसभा सीट की मां की है।

रायपुर। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज ने समाज के योग्य व्यक्ति को राज्यसभा सदस्य बनाने की मांग रखी है। उल्लेखनीय है कि, छत्तीसगढ़ से रिक्त हो रही दो सीटों के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी की जा चुकी है। संगठन ने मांग रखी है कि, उक्त रिक्त हो रहे राज्यसभा के सीट में से एक सीट पर सतनामी समाज केू योग्य व्यक्ति को उम्मीदवार बनाकर देश के उच्च सदन राजसभा में भेजा जाए।

प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज ने अपनी मांग को लेकर दावा किया है कि, प्रदेश में सतनामी समाज की जनसंख्या लगभग 50 लाख से ऊपर है। अविभाजित मध्यप्रदेश में छत्तीसगढ़ राज्य में दो लोकसभा सीट बिलासपुर और सारंगगढ़ अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थे जिसमें सतनामी समाज से दो व्यक्ति को प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होते रहे है। छत्तीसगढ़ राज्य में समाज के डॉ. भूषण लाल जांगड़े भाजपा से राज्यसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य में लोकसभा के केवल एक सीट आरक्षित है।

समाज को दिया जाए पर्याप्त प्रतिनिधित्व
संगठन ने कहा है कि, जनसंख्या के अनुपात में समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देते हुए पूर्व की भांति राज्यसभा के एक सीट में छत्तीसगढ़ कोटे सतनामी समाज के योग्य व्यक्ति को राज्यसभा सदस्य बनाया जाये। गुरु घासीदास जी मनखे-मनखे एक समान के संदेश देकर मानवता की अलख चलाने वाले महान संत हमारे प्रमुख आराध्य हैं। छत्तीसगढ़ राज्य के नवनिर्माण एवं अविभाजित मध्यप्रदेश में सतनामी समाज धर्मगुरू अगमदास, मिनीमाता एवं डॉ. रेशम लाल जांगड़े संसद के सदस्य रहकर अपना बहुमूल्य योगदान दिये हैं। दादा नकुलदेव ढ़ीढ़ी छत्तीसगढ़ निर्माण के लिए प्रथम जेल यात्री रहे हैं, वहीं स्वतंत्रता सेनानी महंत नैनदास महिलांग छत्तीसगढ़ प्रथम गौ सेवक रहते हुए बुचड़ खाने को बंद कराने वाले व्यक्तित्व में शामिल है।

दोनो दलों से रखी मांग
संगठन ने कहा है कि, इस प्रकार सतनामी समाज का गौरवशाली इतिहास के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम व छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक विकास में प्रमुख स्थान रखते हैं। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज राज्य सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री साय, डॉ. रमन सिंह, अध्यक्ष छत्तीसगढ विधानसभा एवं संगठन के प्रदेश एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश नेतृत्व से अपील की है कि, छत्तीसगढ राज्य में सतनामी समाज के योग्य व्यक्ति को राज्यसभा सदस्य के उम्मीदवार बनाकर उच्च सदन में भेजने की कृपा करेंगे। सतनामी समाज सदैव आभारी होंगे। 

.