रायपुर। हाई क्लास से लेकर मिडिल क्लास के लोगों के लिए नशा करने का प्रमुख केंद्र वीआईपी रोड स्थित होटल, क्लब, बार तथा ढाबा है। नशे की हालत में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस तथा ट्रैफिक पुलिस की टीम ने रविवार को वीआईपी रोड सहित तेलीबांधा थाना क्षेत्र के आधा दर्जन स्थानों पर गाड़ियों की जांच कर 86 नशेड़ियों को नशे की हालत में गाड़ी चलाते पकड़ा। जिन 86 नशेड़ियों को नशे की हालत में पुलिस ने गाड़ी चलाते पकड़ा है, उनमें तीन नशेड़ी ऑडी, बीएमडब्लू जैसी लग्जरी कार चलाते धरे गए।
पुलिस तथा ट्रैफिक पुलिस ने पिछले 10 दिनों में अभियान चलाकर 614 नशेड़ियों को नशे की हालत में गाड़ी चलाते पकड़ा है। पुलिस ने जिन नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है, उनमें ज्यादातर शराब के नशे में चारपहिया वाहन चलाते पकड़े गए हैं। ज्यादातर वाहन चालक वीआईपी रोड की तरफ नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े गए हैं। ज्यादातर बड़े क्लब के साथ होटल तथा बार वीआईपी रोड, मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में आते हैं। इसीलिए पुलिस इस क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए इसी क्षेत्र में ज्यादा कार्रवाई करती है।
लड़कियों ने मिन्नतें की, पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने दबाव
पुलिस ने रविवार को जो कार्रवाई की है, उनमें नशे की हालत में लड़कियां कार में सवार मिलीं। बावजूद इसके पुलिस ने किसी तरह की छूट देने के बजाय जिन कार में लड़कियां सवार थीं, उन कार पर भी कार्रवाई की। पुलिस कार्रवाई से बचने कई लड़कियां अपने साथ आए ब्वाय फ्रेंड के साथ लोक-लाज का हवाला देते हुए कार्रवाई नहीं करने मिन्नतें की। तीन नशे की हालत में लग्जरी कार चला रहे जिन चार से पांच रईसजादों को पुलिस ने पकड़ा है, उन लोगों ने अपने रसूख का हवाला देकर पुलिस पर किसी तरह से कार्रवाई नहीं करने का दबाव बनाने की कोशिश की। बावजूद इसके पुलिस ने उन रईसजादों के दबाव के आगे झुकने के बजाय कार्रवाई करते हुए उनकी गाड़ी जब्त की।









