पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में बंद दुकान के भीतर चोरी के कबाड़ के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। सरकंडा थाना पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी करते हुए साइंस कॉलेज रोड के पास संचालित एक कबाड़ दुकान पर छापा मारकर करीब 3.30 टन कबाड़ जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बंद दिखाई देने वाली इस दुकान के अंदर चोरी के सामान की खरीदी-फरोख्त का काम किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने ड्रोन कैमरे से इलाके की निगरानी शुरू की। ड्रोन से मिली तस्वीरों में दुकान के अंदर संदिग्ध गतिविधियां नजर आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
बिलासपुर में सरकंडा थाना पुलिस ने ड्रोन निगरानी के बाद साइंस कॉलेज रोड स्थित एक बंद कबाड़ दुकान पर छापा मारकर 3.30 टन कबाड़ जब्त किया। @BilaspurDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/AeWWQqPZQj
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 10, 2026
बड़ी मात्रा में कबाड़ बरामद
सरकंडा थाना पुलिस की टीम ने साइंस कॉलेज रोड के पास विक्की रजक की कबाड़ दुकान पर दबिश दी। जहां से बड़ी मात्रा में कबाड़ बरामद किया गया। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि, यह कबाड़ चोरी के सामान से जुड़ा हो सकता है, जिसकी खरीदी-खपाने का काम यहां किया जा रहा था। पुलिस ने करीब 3.30 टन कबाड़ जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।









