सुमित बड़ाई- पखांजुर। खेतों में लगे मोटर पंप के तार चोरी करने वाले गिरोह को पखांजूर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपियों को पकड़ा, बल्कि चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पी.व्ही. 9 निवासी अमन मिस्त्री और हरणगढ़ निवासी हंसराज उसेंडी ने थाना पखांजूर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगे बोर पंप का वायर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को ग्राम पी.व्ही. 10 का एक नाबालिग संदिग्ध अवस्था में घूमने की जानकारी मिली। पूछताछ में उसने अंतागढ़ निवासी एक अन्य नाबालिग सहित कुछ युवकों के नाम बताए। इसके आधार पर पुलिस ने राहुल क्षेत्री (19 वर्ष), निवासी पी व्ही 10 राहुल दास (20 वर्ष) निवासी पी.व्ही. 40 और राकेश मंडल (22 वर्ष) निवासी नयापारा अंतागढ़ को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूली वारदात
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मोटरसाइकिल से क्षेत्र के गांवों में घूमकर खेतों में लगे पंप के तार को चाकू से काटकर चोरी करते थे। बाद में तार को जलाकर उसमें से तांबा निकालकर कबाड़ी दुकानों में बेच देते थे। पुलिस ने ग्राम पी.व्ही. 33 के कबाड़ी दुकानदार कलिंग महंत (58 वर्ष) और कापसी निवासी परितोष बर (38 वर्ष) को भी चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
घर के आंगन से चोरी की थी मोटरसाइकिल
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के आसुलखार में एक घर के आंगन से मोटरसाइकिल चोरी की थी। जिसे पुलिस ने राहुल दास के कब्जे से बरामद किया है। साथ ही चोरी किए गए पंप के तार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एएसपी ने दी मामले की जानकारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे ने बताया कि चोरी का सामान खरीदना भी अपराध है, इसलिए कबाड़ी दुकानदारों के खिलाफ भी सक्त कार्यवाही की गई है।