श्याम किशोर शर्मा- नवापारा-राजिम। सोमवार की देर रात रायपुर जिले के नवापारा में ट्रक और हाईवा में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 1 पारागांव और 2 कुरूद का निवासी बताया गया है।
आमने-सामने हुई टक्कर
मिली जानकारी के मुताबिक, पिपरौद- बजरंगपुर नेशनल हाइवे 130C पर निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास सोमवार और मंगलवार की दरमयानी रात भीषण सड़क हादसा हो गया। खाली ट्रक और रेत से भरे हाईवा में आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हुई। रेत से भरी हाईवा चालक की लापरवाही इस मामले में सामने आई है।
दो किमी. दूर तक गूंजी हादसे की आवाज
बताया जा रहा है कि, मृतकों में 1 पारागांव और 2 कुरूद का निवासी है। आस पास के लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, दो किलोमीटर दूर तक आवाज गूंजी। इस क्षेत्र में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। हादसों से क्षेत्र में दहशत है। उल्लेखनीय है कि, नियमों का उल्लंघन कर नवापारा- रायपुर रोड पर 24 घंटे रेत भरी से भरे हाइवा गुजर रहे हैं। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
तत्काल मौके पर पहुंचे नवापारा थाना थानेदार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, हाइवा के चालक और उसके सहयोगी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रायपुर की ओर से आ रहे खाली ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही टीआई दीपेश जायसवाल तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना देर किए घायल चालक को अस्पताल के लिए रवाना किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतकों में दो युवा और एक बुजुर्ग
हाईवा का नं सीजी o4 -क्यू पी -2293 जिसे कुरुद के रहने वाले ड्राइवर दीपक पटेल उम्र 22 वर्ष चला रहा था। साथ में सुमीत यादव उम्र 19 वर्ष था दोंनो की स्पाट में मौत हो गई। जबकि ट्रक का नं सीजी 04 -जेसी- 7941 का चालक पारागांव नवापारा निवासी भागवत साहू उम्र 65 साल की मौत अस्पताल ले जाते वक्त हो गई।
रफ्तार की वजह से हादसे का अंदेशा : टीआई जायसवाल
नवापारा थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल ने हादसे को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि, रेत से भरी हाइवा और रायपुर की ओर से आ रही खाली ट्रक दोनों ही तेज रफ्तार में थीं, जिसके कारण यह भीषण आमने-सामने की टक्कर हुई। टीआई जायसवाल के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में हाइवा में सवार दोनों मृतक कुरुद क्षेत्र के निवासी थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक नवापारा के पास स्थित पारा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार, लापरवाही और नशे में वाहन चलाने की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि, इस मार्ग पर सख्त ट्रैफिक नियम लागू किए जाएं, नियमित जांच अभियान चलाया जाए और दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)