इमरान खान- नारायणपुर। ईद-उल-फितर के मौके पर नारायणपुर में मुस्लिम जमात ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सरोकार की भी मिसाल पेश की। ईदगाह में सुबह 9 बजे ईद की नमाज अदा की गई, जहां पेश इमाम जामा मस्जिद हज़रत मौलाना क़ुरैश रज़ा साहब ने नमाज अदा कराई और देश में अमन, शांति व खुशहाली के लिए दुआ की।
रमजान के पूरे 30 दिनों तक रोजा, नमाज और इबादत के बाद मनाए गए इस पावन पर्व पर नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके साथ ही कब्रिस्तान जाकर मरहूमों के लिए फातिहा पढ़ी गई, जबकि घरों में शीर-खुरमा और सेवइयों के साथ त्योहार की खुशियां साझा की गईं।
ईद के इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान ने भी मुस्लिम समाज के बीच पहुंचकर गले मिलते हुए और मुंह मीठा कराकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के प्रमोद नैलवाल, पी.वी. शुक्ला, रघु मानिकपूरी, गजा पटेल, बोधन देवांगन और संजय रॉय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रमजान में सेवा ही सबसे बड़ी इबादत- इमरान
अंजुमन इस्लामिया कमेटी नारायणपुर के सदर मोहम्मद इमरान खान ने बताया कि रमजान के पाक महीने में कमेटी ने जरूरतमंदों की मदद को प्राथमिकता दी। कुम्हारपारा निवासी दिव्यांग आबिद को नया आशियाना बनाकर दिया गया, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद जगी।
स्वरोजगार के लिए हवा-पंचर मशीन कराई गई उपलब्ध
इसके अलावा मुस्लिम जमात के मुजीब खान को स्वरोजगार के लिए ऑटो गैरेज के लिए सर्विसिंग मशीन और हवा-पंचर मशीन उपलब्ध कराई गई, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बताया कि, अंजुमन इस्लामिया कमेटी नारायणपुर एवं बस्तर संभाग मुस्लिम समाज के संयुक्त प्रयास से ऐसे जनसरोकार के कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
जिला प्रशासन का जताया आभार
अंजुमन इस्लामिया कमेटी की ओर से जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगरीय प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। रमजान माह में रोजा-इफ्तार सहित विभिन्न गतिविधियों में सहयोग करने वाले सभी लोगों को भी धन्यवाद दिया गया।