इमरान खान- नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में ITBP के जवानों ने मानवता की नई मिशाल पेश की है। ITBP के जवानों ने और पुलिस ने मिलकर एक गर्भवती महिला की जान बचाने के लिए कठिन परिस्थितियों में साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। यह मामला इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान के अबूझमाड़ क्षेत्र के सुदूर गांव बोटेर का है।
मिली जानकारी के अनुसार, अबूझमाड़ क्षेत्र के सुदूर गांव बोटेर में एक गर्भवती महिला की हालत अचानक गंभीर हो गई। वहां की भौगोलिक परिस्थितियों और सड़क सुविधा के अभाव के कारण महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाना बेहद मुश्किल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए ITBP की 29 वीं बटालियन और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
ITBP के जवानों ने सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाया
ITBP के जवानों ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए महिला को स्ट्रेचर पर कंधों के सहारे 5 किलोमीटर तक घने जंगल, पहाड़ी और कच्चे रास्तों को पार कर सुरक्षित रोड तक निकाला। कड़ी मशक्कत के बाद महिला को समय रहते ओरछा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में सुरक्षित प्रसव कराया गया। राहत की बात यह रही कि मां और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।