भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने किसानों को साथ लेकर बुधवार को पूर्व सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर पुतला जलाया।

गोपी कश्यप- नगरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र के नगरी नगर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी मंडल द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कथित अफीम खेती संबंधी बयान के विरोध में बजरंग चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला, जहां सैकड़ों की संख्या में किसान, भाजपा कार्यकर्ता और आमजन एकत्र होकर सड़कों पर उतर आए।

कार्यक्रम के दौरान भूपेश बघेल हाय-हाय, प्रमाण दो या माफी मांगो, जैसे नारों से नगरी का माहौल गूंज उठा। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप भूपेश बघेल का पुतला दहन किया, जिसे लेकर प्रदर्शन स्थल पर भारी उत्साह और आक्रोश का वातावरण बना रहा।

प्रमाण दो या माफी मांगो– प्रकाश बैस
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि, पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं। यदि उनके पास जरा भी प्रमाण है तो वे उसे सार्वजनिक करें, अन्यथा सिहावा-नगरी क्षेत्र के किसानों से तत्काल माफी मांगें। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि किसानों की छवि को बदनाम करने की कोशिश अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को प्रदेश स्तर पर भी उठाया जाएगा। 

मैदान में आकर सच दिखाएं– अरुण सार्वा
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कृषक अरुण सार्वा ने अपने संबोधन में तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, भूपेश बघेल मैदान में आएं और साबित करें कि सिहावा क्षेत्र के किस किसान ने अफीम की खेती की है। हम उनका स्वागत करेंगे और यदि एक भी मामला सही पाया जाता है तो हम खुद उस किसान के खिलाफ कार्रवाई में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि नगरी क्षेत्र पूरे देश में अपनी पहचान ‘नगरी दुबराज’ चावल के लिए रखता है, लेकिन एक गैर-जिम्मेदार बयान के कारण आज यहां के किसान संदेह के घेरे में खड़े कर दिए गए हैं।

विधायक अपना रुख स्पष्ट करें– पिंकी शिवराज शाह
पूर्व विधायक एवं किसान मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री पिंकी शिवराज शाह ने कहा कि, क्षेत्रीय विधायक को इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। यदि आरोप सही हैं तो वे खुलकर समर्थन करें, अन्यथा किसानों के साथ खड़े होकर ऐसे झूठे आरोपों का विरोध करें।

अन्य नेताओं ने भी साधा निशाना
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहिताश मिश्रा, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष विकल गुप्ता, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला सहित अन्य वक्ताओं ने भी एक स्वर में कहा कि, बिना प्रमाण के लगाए गए आरोप लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ हैं और इससे किसानों के सम्मान को ठेस पहुंची है।

सैकड़ों किसानों की भागीदारी, उबाल में दिखा क्षेत्र
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। रविशंकर दुबे, दिनेश्वरी नेताम, अजय नाहटा, विकास बोहरा, महेश गोटा, हृदय साहू, रूपेंद्र साहू, रवि भट्ट, हनी कश्यप, दुर्गेश साहू, शुभम यदु, गोलू मंडावी, प्रेमलता नागवंशी सहित अनेक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशाल जनआंदोलन का रूप दे दिया। 

धरने पर बैठे बीजेपी नेता 

संघर्ष का ऐलान
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं और किसानों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि, किसानों के सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा और झूठे आरोपों का हर स्तर पर जवाब दिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष अकबर कश्यप ने तथा आभार मंडल नगरी अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने किया।