मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। जब शादी से लौट रही एक कार अचानक आग की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि, गाड़ी में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत सभी 7 लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवापुल के पास की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव आई थी, जहां रात में शादी कार्यक्रम संपन्न हुआ। सुबह विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोग XUV700 कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक गाड़ी से धुआं निकलने लगा।
धुआं गाड़ी के अंदर भरने लगा
ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका। बाहर निकलकर देखने पर पता चला कि, कार में आग तेजी से फैल रही है। देखते ही देखते धुआं गाड़ी के अंदर भरने लगा और स्थिति गंभीर हो गई। खतरे को भांपते हुए गाड़ी में सवार सभी लोगों ने बिना देर किए बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में कार आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
मामले की जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका तकनीकी खराबी की जताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुट गई है।