धमतरी जिले में 17 से 24 अप्रैल तक मोबाइल उठाओ, धमतरी चमकाओ प्रतियोगिता का आगाज होने जा रहा है। जिसमें इच्छुक प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। 

यशवंत गंजीर- कुरुद। धमतरी की वादियां अब सिर्फ आंखों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि सोशल मीडिया पर छा जाएंगी। जिले की प्राकृतिक खूबसूरती को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने रील और फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आगाज कर दिया है। 17 से 24 अप्रैल तक चलने वाला यह आयोजन युवाओं के लिए किसी क्रिएटिव फेस्ट से कम नहीं है।

इस अनोखे अभियान में हर वह व्यक्ति हिस्सा ले सकता है, जिसके पास कैमरा और धमतरी के प्रति लगाव है। प्रतियोगिता का थीम 'धमतरी जिले के पर्यटन क्षेत्र' रखा गया है, जिसमें प्रतिभागी गंगरेल बांध की लहरों, सिहावा की पहाड़ियों, रुद्री के नजारों, घने जंगलों और झरनों की खूबसूरती को अपने कैमरे में कैद कर सकते हैं।

जनता तय करेगी विजेता
इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी खासियत इसका चयन तरीका है। किसी जज पैनल के बजाय सोशल मीडिया यूजर्स ही निर्णायक होंगे। चयनित फोटो और रील को 'Yuva Fest' के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट किया जाएगा और जिस एंट्री को सबसे ज्यादा लाइक और कमेंट मिलेंगे, वही विजेता बनेगा। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में ऐसे लें भाग 
भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को अपनी फोटो या रील सीधे
व्हाट्सएप नंबर +91 6268 520 889 पर भेजनी होगी।
अंतिम तिथि 24 अप्रैल तय की गई है।

धमतरी बनेगा डिजिटल टूरिस्ट हब
जिला प्रशासन का मानना है कि यह प्रतियोगिता केवल एक इवेंट नहीं, बल्कि धमतरी की ब्रांडिंग का बड़ा जरिया है। इससे जहां युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा, वहीं जिले के पर्यटन स्थलों को देश-विदेश तक नई पहचान भी मिलेगी। तो देर किस बात की, कैमरा ऑन कीजिए, क्रिएटिविटी दिखाइए और धमतरी को बना दीजिए सोशल मीडिया का अगला सुपरस्टार।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)