कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत माकड़ी पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सराहनीय कार्य किया है। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास और सतत खोजबीन के बाद गुमशुदा बालिका को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया, जिससे परिवार में खुशी का माहौल लौट आया।
दरअसल, प्रार्थी रतनलाल मरकाम (निवासी सोहंगा) ने 6 अप्रैल 2026 को थाना माकड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री पिंकी मरकाम 31 मार्च 2026 को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। मामले में गुम इंसान कायम कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ अधिकारीयों के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही थी।
एक बालिका को किया सुरक्षित बरामद
इसी दौरान 10 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने कोंडागांव के बाजारपारा क्षेत्र से बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। बालिका को थाना लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और इसके बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
इनका रहा विशेष योगदान
गुमशुदा बालिका के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया। इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान, महिला प्रधान आरक्षक शांति ध्रुव और प्रधान आरक्षक निर्मल मण्डावी का विशेष योगदान रहा।
जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कर रही कार्य
ऑपरेशन मुस्कान के तहत माकड़ी पुलिस की यह सफलता एक बार फिर साबित करती है कि, पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में बल्कि आमजन की सुरक्षा और संवेदनशील मामलों में भी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)