भरत कुंभकार- खरोरा। देशभर में जहां धार्मिक जुलूसों को लेकर तनाव और विवाद की खबरें सुर्खियों में रहती हैं। वहीं खरोरा नगर ने आपसी भाईचारे और सौहार्द की एक खूबसूरत मिसाल पेश की। रामनवमी के पूर्व निकाली गई भव्य शोभा यात्रा में मुस्लिम समाज ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वागत-सत्कार कर दिल जीत लिया।
खरोरा में राम राज परिवार द्वारा राम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें नगर के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान एक खास दृश्य ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। नगर के मुस्लिम युवाओं और जमात के लोगों ने शोभा यात्रा में शामिल लोगों का फूल-माला पहनाकर, शॉल और श्रीफल भेंट कर तथा गले मिलकर स्वागत किया।
खरोरा में रामनवमी से पहले निकली भव्य शोभा यात्रा में मुस्लिम समाज ने फूल-माला, शॉल-श्रीफल और शरबत से स्वागत कर सांप्रदायिक सौहार्द की अनोखी मिसाल पेश की। @RaipurDistrict pic.twitter.com/cI2FobgLsW
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 23, 2026
श्रद्धालुओं के लिए शरबत और पानी की व्यवस्था
इतना ही नहीं, मुस्लिम समाज द्वारा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए शरबत और पानी की भी व्यवस्था की गई, जिससे गर्मी के बीच लोगों को राहत मिली। राम लला के जन्मोत्सव पर दी गई इस बधाई और स्वागत ने पूरे माहौल को और भी सौहार्दपूर्ण बना दिया।
गणेश झांकी और रामनवमी शोभा यात्राओं में होता है स्वागत
इस पहल की हिंदू संगठनों समेत आम लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि, इस तरह के आयोजन समाज में भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं। गौरतलब है कि, खरोरा में यह परंपरा नई नहीं है। इससे पहले भी गणेश झांकी और रामनवमी शोभा यात्राओं में मुस्लिम समाज द्वारा इसी तरह स्वागत किया जाता रहा है, जो पूरे देश और समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है।









