कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक किराना व्यापारी को पिस्टल दिखाकर 50 हजार रुपये जबरन वसूल लिए गए। आरोपी ने व्यापारी को चोरी का चावल खरीदने के फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर रकम ऐंठी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जबरन वसूली की पूरी वारदात
छिरहा गांव के किराना व्यापारी के पास आरोपी रात में पहुंचा और खुद को सुरक्षा अधिकारी बताते हुए उससे पूछताछ शुरू कर दी। उसने व्यापारी को डराने के लिए झूठा आरोप लगाया कि वह चोरी का चावल खरीदता है। इसके बाद आरोपी ने लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर धमकाया और 50 हजार रुपये ले लिए। पैसे लेने के बाद वह लग्जरी कार से फरार हो गया।
आरोपी की पहचान और बैकग्राउंड
कवर्धा के एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी जितेंद्र चड्ढा एक्स-आर्मी मैन (एक्स सर्विस मैन) है। वह रायपुर की एक निजी कंपनी कॉल मी सर्विसेस में सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर काम करता था। उसके द्वारा किए गए इस अपराध ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई और बरामद सामान
पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से एक लग्जरी कार, लाइसेंसी पिस्टल और व्यापारी से वसूला गया 50 हजार रुपये भी जब्त कर लिए।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)