कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने अपने ही मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
दोनों ने भागकर एक-दूसरे से की शादी
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान रामलाल चंद्रवंशी और रीना चंद्रवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, दोनों पहले से शादीशुदा थे, लेकिन करीब 4 साल पहले घर से भागकर एक-दूसरे से विवाह किया था।
आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस
फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और मामला रहस्य बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला पांडातराई थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव का बताया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।
घर के कमरे में महिला ने लगाई आग
वहीं 19 अप्रैल को ही तिल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम लखना में रविवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। जहां एक महिला कुमारी साहू 55 साल ने अपने ही घर के कमरे में खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
आग की लपटें उठती दिखीं और महिला की चीख-पुका
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय महिला घर में अकेली थी, जबकि उसकी बेटी पास ही किसी कार्यक्रम में गई हुई थी। दोपहर करीब 1 बजे अचानक घर के अंदर से आग की लपटें उठती दिखीं और महिला की चीख-पुकार सुनाई दी। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन घर का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण वे अंदर नहीं जा सके।
ग्रामीणों ने छत को तोड़कर बुझाई आग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण छत पर चढ़े और छत को तोड़कर आग बुझाने की कोशिश की गई। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी और महिला पूरी तरह से जल चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)