संजय यादव-कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में ऑनलाइन सट्टा रैकेट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई है, जहां एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके दो साथी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, “Kingdombook.com” नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों रुपये का सट्टा संचालित किया जा रहा था। मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। इस मामले में पुलिस ने सतप्रीत सिंह खुराना उर्फ राजा को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। आरोपी के कब्जे से 2 से 3 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें सट्टा कारोबार से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत मिले हैं।
ऑनलाइन गेमिंग के नाम सट्टा खिलाया जा रहा था
प्रारंभिक जांच में करीब 91 लाख रुपये के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के प्रमाण सामने आए हैं। मोबाइल की जांच में 70 से 75 सट्टा आईडी भी मिली हैं, जिनके जरिए अलग-अलग जगहों पर क्रिकेट और अन्य ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर सट्टा खिलाया जा रहा था।
पुलिस कर रही जांच
इस मामले में रोहित जांगड़े सहित अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। वहीं इस रैकेट का मास्टरमाइंड आशीम खान नामक व्यक्ति को बताया जा रहा है, जिसकी भूमिका की जांच जारी है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।