कवर्धा जिले के हनुमान मंदिर में नक्सलवाद समाप्ति के संकल्प पूर्ण होने पर हनुमान जयंती के अवसर पर भव्य भंडारा आयोजित, रश्मि शर्मा ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प की पूर्ति पर हनुमान जयंती के अवसर पर कवर्धा में आस्था और उत्साह का विशेष संगम देखने को मिला। श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर में भव्य हनुमंत भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती रश्मि शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। 

उपमुख्यमंत्री ने नक्सलवाद समाप्त करने का लिया था संकल्प
बताया गया कि, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद समाप्त करने का संकल्प श्री खेड़ापति हनुमान जी को साक्षी मानकर लिया था, जो 31 मार्च 2026 को पूर्ण हुआ। इसी संकल्प की पूर्णता के उपलक्ष्य में यह भंडारा आयोजित किया गया।

लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को थे मजबूर
रश्मि शर्मा ने कहा कि, छत्तीसगढ़ पिछले चार दशकों से नक्सलवाद की समस्या से जूझता रहा है। खासकर बस्तर अंचल में इसका गहरा असर देखने को मिला, जहां हजारों लोगों की जान गई और विकास कार्य प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि, लंबे समय तक आमजन भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर थे।

मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण रहा
उन्होंने आगे कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान के सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। नियत समय पर नक्सलवाद के खात्मे के साथ ही छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में शांति और विकास का नया दौर शुरू हो रहा है, जिससे आम लोगों में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। )