गौरव श्रीवास्तव - कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में साइबर ब्लैकमेलिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है। वीडियो कॉल का दुरुपयोग कर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 84 हजार रुपये ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्थान के अलवर जिले से पकड़ लिया।

वीडियो कॉल पर धमकी देकर की गई ठगी
शिकायतकर्ता ने 2 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि, उसे एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे भयभीत किया और इसी दबाव में उससे 84,000 रुपये ठग लिए।

गंभीरता समझते हुए तुरंत दर्ज हुआ अपराध
मामला सामने आते ही भानुप्रतापपुर थाना पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। शिकायतकर्ता से आरोपी का मोबाइल नंबर और बैंक डिटेल्स लेकर साइबर सेल को सौंपे गए।

संयुक्त टीम बनाकर शुरू हुई तकनीकी जांच
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, एएसपी आकाश श्रीश्रीमाल और एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के निर्देशन में भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर देशमुख एवं साइबर टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। मोबाइल ट्रैकिंग, तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन इनपुट के आधार पर टीम ने राजस्थान पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया।

अलवर से पकड़ा गया आरोपी शाहिद खान
पुलिस ने आरोपी शाहिद खान (25 वर्ष), निवासी खारेड़ा, थाना मालाखेड़ा, जिला अलवर (राजस्थान) को लोकेशन ट्रैक कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। 8 फरवरी को आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रेम कुमार झा. प्रधान आरक्षक सचिन शोरी, विजय कटकवार और आरक्षक प्रणय यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।