कांकेर जिले में दो युवकों ने 6 साल की मासूम के साथ दरिंदगी की। जिसके बाद दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गौरव श्रीवास्तव- कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां दो युवकों ने 6 साल की मासूम को अपने हवस का शिकार बना डाला और उसे अचेत अवस्था में अंधेरी रात में खेत में फेंककर फरार हो गए। 

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस और ग्रामीणों की सतर्कता से बच्ची को रात में ही बरामद कर लिया गया है, जिसका इलाज कांकेर के मेडिकल कालेज में जारी है। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों अमित जैन 20 वर्ष और रोहन जैन 19 वर्ष को हिरासत में लिया है। जिन्होंने अपना अपराध पुलिस के सामने कबूल कर लिया है। 

सोती हुई मासूम का आरोपियों ने किया अपहरण 
गौरतलब है कि, 6 मार्च की रात शहर से महज 7 किलोमीटर दूर एक गांव में 6 साल की मासूम अपने माता-पिता के साथ घर में सोई हुई थी। तभी दो युवक नशे की हालत में घर में चोरी करने घुसे और मासूम को देखकर हैवानों को नीयत बिगड़ गई। दोनों ने मासूम को घर से अपहरण कर गांव के ही तालाब के पास ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे वही छोड़कर भाग निकले। देर रात करीब साढ़े 12 बजे जब माता पिता की आंख खुली तो बच्ची को ना पाकर उन्होंने खोजबीन की लेकिन घर में बच्ची के नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल गांव के कोटवार के माध्यम से पुलिस में सूचना दी। 

देर रात तालाब किनारे मिली बच्ची 
कोतवाली पुलिस ने भी त्वरित एक्शन लेते हुए रात में ही बच्ची की खोजबीन शुरू की और देर रात बच्ची को तालाब के पास खेत से अचेत अवस्था में बरामद किया। जिसके बाद बच्ची को कांकेर मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया था। मेडिकल जांच में बच्ची से रेप की पुष्टि होने पर पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच शुरू की और 4 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जिसमें दो आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल लिया है। 

दो आरोपी पुलिस हिरासत में
पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही में जुटी है। एएसपी योगेश साहू ने बताया कि, दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। दोनों के खिलाफ कई धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद गांव में आक्रोश देखा जा रहा है।