जशपुर जिले के बगीचा में PMGSY के तहत 1.49 करोड़ की लागत से बनी 2.30 किमी सड़क कुछ ही महीनों में उखड़ने लगी। विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्माण के निर्देश दिए।

अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा अनुविभाग में PMGSY विभाग द्वारा पीएम जनमन योजना के तहत करोड़ो रूपए के लागत से बनी प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। यह सड़क अभी कुछ माह पहले ही बनकर तैयार हुई है लेकिन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही और उदासीनता के चलते यह सड़क उखड़ने लगी है। 

पहाड़ी कोरवा बस्ती के ग्रामीणों ने जशपुर विधायक रायमुनी भगत को फोन कर इसकी सूचना दी। जिसके बाद विधायक मौके पर पहुंचे और सड़क की गुणवत्ता को देखकर भड़क गई। उन्होंने विभाग के ई ई संतोष नाग को वीडियो कॉल में सड़क की दुर्दशा दिखाई और फिर से सड़क को बनाने का निर्देश दिया। कल तक काम शुरू नही होने पर विधानसभा में मामला उठाने की बात भी कही।

भ्रष्टाचार के भेंट चढ़ गई सड़क
दरअसल, यह सड़क प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बगीचा नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 04 से वार्ड क्रमांक 5 तक 1 करोड़ 49 लाख 76 हजार की लागत से 2.30 किलोमीटर की सड़क बनी है, जो PMGSY विभाग के देखरेख में बनाया गया। निर्माण में जो बोर्ड लगाया गया है, उसके हिसाब से 5 मार्च 2024 को कार्य प्रारंभ हुआ और 19 मार्च 2025 को कार्य पूर्ण किया गया। अब यह सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया, जिसको लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। 

सड़क नहीं बनी तो ग्रामीण कर सकते हैं कॉल- विधायक 
विधायक जशपुर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि, कल से यह सड़क फिर से बनेगी और यदि प्रारंभ नही हुई तो आप लोग मुझे काल कर जानकारी दीजियेगा। बहरहाल अब देखना यह होगा कि, विधायक के कहने के बाद भी यह कार्य जनता हित में शुरू होता है या नही।