अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर वनमंडल के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र का सारसमार गांव में पिछले एक सप्ताह से 10 हाथियों का दल ग्रामीणों के लिए भारी मुसीबत बना हुआ है। हाथियों के लगातार गांव में घुसने से लोगों में दहशत का माहौल है। बीती रात भी हाथियों ने गांव में जमकर उत्पात मचाते हुए पुरी तरह से मकान और बाइक को नुकसान पहुंचाया है।
दरअसल, देर रात हाथियों का दल सारसमार गांव में घुस आया और एक मकान को तोड़ दिया। इस दौरान घर में रखे सामान को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया। इतना ही नहीं हाथियों ने घर के भीतर रखे अनाज को भी खा लिया। हाथियों के इस उत्पात से किसानों को भी भारी नुकसान हुआ है।
हाथियों के दल ने फसलों को रौंदा
हाथियों ने खेतों में लगी धान और आलू की फसलों को रौंद दिया, जिससे ग्रामीणों की मेहनत की कमाई पर पानी फिर गया। लगातार हाथियों की आवाजाही से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण पूरी रात रतजगा करने को मजबूर हैं।
ग्रामीण फसलों को बचाने की कर रहे कोशिश
ग्रामीणों का आरोप है कि, वन विभाग की ओर से सुरक्षा के लिए टॉर्च, मशाल या अन्य किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में ग्रामीण खुद ही हाथियों से अपने घर और फसलों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपने घरों और खेतों को नुकसान होते देखने को मजबूर होना पड़ रहा है।
मौके पर वन विभाग की टीम मौजूद
वहीं सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और हाथियों की निगरानी के साथ-साथ हुए नुकसान का आंकलन करने में जुटी हुई है। साथ ही ग्रामीणों को रात के समय सुरक्षित स्थान पर ठहरने की व्यवस्था भी की जा रही है। फिलहाल, वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।