जीवानंद हलधर - जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर के सदन में उस समय माहौल गर्मा गया, जब मेयर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। बजट भाषण शुरू होते ही विपक्ष ने तत्काल चर्चा की मांग उठाई, जिसके बाद सदन में भारी हंगामा देखने को मिला। विवाद और शोर-शराबे के बीच अंततः बजट को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।
बजट पेश होते ही विपक्ष का हंगामा
मेयर द्वारा जैसे ही बजट भाषण की शुरुआत की गई, विपक्षी पार्षदों ने पिछले बजट में हुए कार्यों की समीक्षा और विस्तृत चर्चा की मांग कर दी। अध्यक्ष ने चर्चा पर सहमति नहीं दी, जिसके बाद विपक्ष जमीन पर बैठकर नारेबाजी करने लगा और सदन का माहौल गर्म हो गया।
हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित
विपक्ष की नारेबाजी बढ़ते देख मेयर और उनकी पूरी टीम सदन से बाहर निकल आई। स्थिति बिगड़ते देख सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए रोक दी गई। लगभग आधे घंटे बाद कार्यवाही पुनः शुरू की गई।
हंगामे के बीच बजट पास
कार्यवाही बहाल होने के बाद भी विपक्ष का विरोध जारी रहा, लेकिन मेयर ने अपना बजट भाषण जारी रखा। अंततः हंगामे के बीच 2026-27 का बजट सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।
कितने का बजट और कितना खर्च?
इस बार नगर निगम का कुल बजट 2 अरब 40 करोड़ 53 लाख रुपये रखा गया है। खर्च का अनुमान 2 अरब 40 करोड़ 92 लाख रुपये बताया गया, जिसके चलते इस वर्ष भी 39 लाख रुपये का घाटे का बजट प्रस्तुत किया गया है।