महेंद्र विश्वकर्मा- जगदलपुर। बिजली बिल के बकायादारों से बकाया राशि वसूल करने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना का लाभ लेने बस्तर संभाग के सातों जिलों के लगभग 5189 उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराया। पंजीयन के बाद योजना का लाभ उपभोक्ताओं को तभी मिलेगा, जब वे बकाया राशि की 10 फीसदी राशि का भुगतान पहले करेंगे।
इस योजना के तहत सभी श्रेणियों अर्थात अशासकीय घरेलू, कृषि, बीपीएल उपभोक्ताओं का पूरा सरचार्ज माफ होगा। योजना में शामिल होने के लिए बकायादारों को न केवल पहले पंजीयन कराना होगा, बल्कि बकाया बिल की 10 फीसदी राशि का भुगतान करना होगा। इस तरह से विद्युत कंपनी जगदलपुर संभाग में 1315, शहरीय संभाग में 22, दंतेवाड़ा संभाग में 171, बीजापुर संभाग में 390, सुकमा संभाग में 277, कांकेर संभाग में 119, कोंडागांव संभाग में 590, नारायणपुर संभाग में 1311, भानुप्रतापपुर संभाग में 544 एवं पखांजूर संभाग में 450 उपभोक्ताओं ने पंजीयन किया।
उपभोक्ता कराएं अपना पंजीयन
विद्युत कंपनी जगदलपुर वृत्त के अधीक्षण अभियंता केव्ही मैथ्यू ने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना में बीपीएल, घरेलू एवं कृषि उपभोक्ता के बकाया का सरचार्ज एवं मूल बिल में छूट दिया जा रहा है। इसलिए उपभोक्ता योजना में पंजीयन कराएं।
विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी
विद्युत कंपनी जगदलपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक टीके मेश्राम ने बताया कि समाधान योजना योजना में मीटर रीडरों की अहम भूमिका रहेगा। लिहाजा उपभोक्ताओं से बकाया बिल का भुगतान कराने वाले मीटर रीडरों को भी विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
प्रति दिन हो रहे पंजीयन
विद्युत कंपनी रायपुर के कार्यपालक निदेशक (राजस्व) एसके ठाकुर ने बताया कि योजना में लगभग 5 हजार की दर से प्रति दिन पंजीयन हो रहा है। मैदानी कर्मियों द्वारा लगातार समाधान योजना के संबंध में लोगों को जागरूक कर अधिक से अधिक पंजीयन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रोत्साहन राशि मिलने की आस से क्षेत्र के मीटर रीडर लगातार कार्य कर रहे हैं, क्योंकि जितना अधिक प्रकरण मीटर रीडर के माध्यम से पंजीकृत होंगे उतना अधिक भुगतान मीटर रीडर को कंपनी द्वारा किया जाएगा।