जगदलपुर डिमरापाल में नवनिर्मित सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का हैदराबाद को कॉन्टिनेंटल ग्रुप संचालन कर रहा है। 16 फरवरी से ट्रायल में चल रहा है और नि:शुल्क उपचार होगा।

महेंद्र विश्वकर्मा-जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर डिमरापाल में नवनिर्मित सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का हैदराबाद को कॉन्टिनेंटल ग्रुप संचालन कर रहा है। लगभग 240 करोड़ रूपए की लागत से बना सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल 16 फरवरी से ट्रायल में चल रहा है। तीन दिनों में हॉस्पिटल के ओपीडी में लगभग 100 से अधिक मरीजों का पंजीयन किया गया और 52 मरीजों का एमआरआई, सीटी स्केन किया गया है। दो मरीजों के एमआरआई का शुल्क लिया गया। शेष 50 मरीजों का आयुष्मान कार्ड एवं बीपीएल से निःशुल्क किया गया, साथ ही पंजीयन भी फ्री में किया गया।

बताया जा रहा है कि,  सितंबर माह में कॉन्टिनेंटल ग्रुप ने शासन के साथ एमओयू किया है। छह माह में इसे अस्पताल का संचालन शुरू कर मरीजों को सेवाएं देनी थी, पर अब तक नहीं हो सका। ओपीडी को निः शुल्क और अन्य व्यवस्थाएं सरकारी दरों पर कैशलेस करने की बात कही जा रही हैं।

औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया
सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के एचओडी प्रभारी इंद्रजीत साहा ने बताया कि,  240 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशियलिटी ने नए बिल्डिंग में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफोलॉजी, यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी जैसे विशेषज्ञ विभाग बनवाने एवं इनके विशेषज्ञों की नियुक्ति प्रक्रियाधीन बताया है। सभी के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने जो औपचारिकताएं होंगी, उसे पूरा किया जाएगा। ओपीडी, आईसीयू, इमरजेंसी और डायग्नोस्टिक सेवा की तकनीकी सुविधाएं बहाल की जाएंगी।

एक अप्रैल से शुरू करने की संभावना
मेकाज के डीन डॉ. प्रदीप बेक एवं सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. टीकू सिन्हा ने इस संबंध में बताया कि, हॉस्पिटल के गठित टीम की बैठक होने के बाद एक अप्रैल से हॉस्पिटल को शुरू करने की संभावना है। डीन ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में कॉन्टिनेंटल ग्रुप ने डॉक्टरों, नर्स आदि की जानकारी अब तक नहीं दी है।