गरियाबंद जिले के थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम बड़ोबरा के सामरी पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों का बड़ा जखीरा जिला पुलिस बल ने बरामद किया है।

गोरेलाल सिन्हा- गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम बड़ोबरा के सामरी पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों का बड़ा जखीरा जिला पुलिस बल ने बरामद किया है। ई-30 की एएसपी टीम और डीआरजी जवानों की संयुक्त कार्रवाई में 2 नग एसएलआर, 1 नग इंसास तथा 1 नग 12 बोर हथियार बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से पूछताछ के बाद प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) की ओडिशा राज्य कमेटी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा सामरी पहाड़ी में हथियार डंप किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जिला मुख्यालय से ई-30 टीम को 16/02/2026 को रवाना किया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान पहाड़ी क्षेत्र से 2 एसएलआर, 1 इंसास, 1 नग 12 बोर, 3 एसएलआर मैगजीन, 1 इंसास मैगजीन और 28 जिंदा एसएलआर कारतूस बरामद किए गए। 

गरियाबंद में नक्सली हिंसा में आई कमी 
पुलिस बल ने बताया कि इस कार्रवाई से गरियाबंद क्षेत्र में संभावित नक्सली हिंसा की आशंकाओं को काफी हद तक कम किया गया है। यह कार्रवाई वर्ष 2024 से संचालित नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगा।

वर्ष 2024 से 2026 तक पुलिस की प्रमुख उपलब्धियां-

  • मुठभेड़ में मारे गए माओवादी- 31
  • आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली- 29
  • जब्त ग्रेडेड हथियार- 31
  • अन्य हथियार- 42 (कुल 73)
  • जब्त नकद राशि- ₹62,50,000
  • बरामद इलेक्ट्रिक डेटोनेटर- 304, नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर- 22
  • आईईडी बम- 14
  • कोर्डेक्स वायर- लगभग 114.49 मीटर
  • बीजीएल सेल- 57