अश्वनी सिन्हा- गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले की पीएम श्री स्कूल में प्राचार्य पोस्टिंग को लेकर विवाद बढ़ गया है। प्राचार्य वंदना पाण्डेय के पदस्थापना आदेश निरस्त करने के लिए स्कूल के बच्चे सड़क पर उतर आए। 40 बच्चे स्कूल से रैली निकाल कर कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्य गेट पर प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षकों ने डीईओ को ज्ञापन सौंपते हुए इस आदेश को रद्द करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आदेश वापस नहीं लिया गया तो वे सामूहिक इस्तीफा भी दे सकते हैं।
पीएम श्री स्कूल की टीचरों ने कहा कि वे हमेशा अपने शिक्षकीय काम को पहले प्राथमिकता देती हैं। वायरल वीडियो स्कूल के काम के बाद खाली समय में बनाया गया है। टीचरों का कहना है कि शिकायत के बाद प्रिंसिपल इस वीडियो को वायरल करवा रही हैं। पीएम श्री स्कूल के टीचर रघुनाथ साहू ने कहा, वंदन पांडेय गरियाबंद पीएम श्री स्कूल में प्रिंसिपल थीं। लापरवाही की वजह से शिक्षा सचिव ने उन्हें सस्पेंड कर दिया था। लेकिन बहाली के बाद वंदन पांडेय की फिर से इसी स्कूल में पोस्टिंग कर दी गई। शिक्षकों का कहना है कि निलंबन के बाद उसी स्कूल में दोबारा प्रिंसिपल बनाना नियमों के खिलाफ है।
जांच के बाद करेंगे कार्रवाई- DEO
वहीं इस पूरे मामले को लेकर गरियाबंद के DEO जगजीत सिंह धीर ने कहा कि, स्टाफ ने प्रिंसिपल के खिलाफ कई शिकायतें की हैं। छात्रों ने भी इनके खिलाफ शिकायत की है। इस पर जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।