रायपुर। यात्रियों को लेकर दोपहर तीन बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंची फ्लाइट लैंडिंग के दौरान रनवे पर लड़खड़ा गई। जमीन से टकराकर विमान थोड़ा उछला, जिससे सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। विमान में आई तकनीकी खराबी की वजह से प्लाइट वापसी की यात्रा स्थगित कर दी गई है। इससे भोपाल जाने वाले यात्रियों का सफर पूरी तरह बाधित हो गया, क्योंकि रायपुर से भोपाल के बीच एकमात्र फ्लाइट का संचालन होता है। जानकारी के मुताबिक, भोपाल-रायपुर-भोपाल के बीच एक नियमित फ्लाइट का संचालन होता है। शनिवार को यह फ्लाइट अपने निर्धारित समय से 38 मिनट लेट से रायपुर के लिए रवाना हुआ थी।
सूत्रों के अनुसार दोपहर सवा तीन बजे लैंडिंग के दौरान फ्लाइट रनवे से टकराने के बाद थोड़ी उछली, जिससे उसमें सवार यात्रियों को हल्का झटका लगा और हड़कंप मच गया, मगर थोड़ी देर में ही विमान लैंड हो गया। सूत्रों के मुताबिक, विमानतल पर अपनी यात्रा का इंतजार करने वाले यात्री फ्लाइट में सवार होने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उसमें तकनीकी खराबी का हवाला देकर फ्लाइट कैंसल होने की जानकारी यात्रियों को दी गई। सूत्रों का कहना है कि इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि उनके पास सफर का कोई और विकल्प नहीं था। यात्रियों को दूसरे दिन अपनी यात्रा पूरी करने अथवा टिकट का रिफंड वापस लेने का मौका एयरलाइंस कंपनी द्वारा दिया गया। एयरपोर्ट प्रबंधन के उच्च पदस्थ सूत्रों ने इस तरह की घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।
सामान्य स्थिति में हवाई सफर
परीक्षाएं नजदीक आने की वजह से विमानों का सफर अभी सामान्य स्थिति में है। रायपुर एयरपोर्ट से विमानों की आवाजाही 56 से 58 बार प्रतिदिन हो रही है और इसमें यात्रियों की संख्या भी ठीक ठाक है। ट्रैवल्स सूत्रों का कहना कि महीनेभर टिकट बुकिंग का ऑफ सीजन रहने और उसके बाद गर्मी की छुट्टियां मनाने वालों से फ्लाइट भरकर आवाजाही करेगी।
