अम्बिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को विकासखण्ड मुख्यालय लुण्ड्रा में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 81.95 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उपस्थित किसानों एवं क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि, अन्नदाताओं के पसीने का सम्मान करना हमारी सरकार की जिम्मेदारी है। ईब से इंद्रावती तक विकास कार्यों में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आपने हम पर विश्वास जताया है ऐसे में हमारा दायित्व है हम आखिरी पंक्ति के आखिरी व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाएं तथा उन्हें समय पर योजना का लाभ मिले।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को मुख्यमंत्री ने किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि, हमारी सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए की दर से खरीद रही है जो देश में सबसे ज्यादा है। हमने कृषक उन्नति योजना के तहत अंतर की राशि 10 हजार 324 करोड़ रुपए एकमुश्त होली के पूर्व किसानों के खाते में डालने का काम किया है। इसका लाभ यहां के किसानों को मिला है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि, उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया तथा किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड शुरू किया।
मुख्यमंत्री साय ने हितग्राहियों को पीएम आवास की सौंपी चाबी
सीएम साय ने कहा कि, हम सिर्फ वादा नहीं करते बल्कि जमीनी स्तर पर लागू करते है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद कैबिनेट की पहली बैठक में हमने 18 लाख प्रधानमंत्री आवास बनाने की स्वीकृति प्रदान की थी। अब तक 8 लाख से अधिक आवास बन गए है। हितग्राही इन आवासों में लगातार गृहप्रवेश कर रहे है। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को पीएम जनमन के तहत आवास की चाबी एवं सिंचाई पंप पदान आवास की चाबी एवं सिंचाई पंप प्रदान किया।
क्रांतिकारी आजाद एवं पूर्व विधायक त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण
किसान सम्मेलन के उपरांत मुख्यमंत्री श्री साय संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर पहुंचे। शहर के आकाशवाणी चौक पर महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद एवं डीसी रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के पास भटगांव के पूर्व विधायक स्व. रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों के साथ ही बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
ये लोग रहे मौजूद
इस दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सांसद चिंतामणि महाराज, क्षेत्रीय विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देव नारायण यादव, संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर अजीत बसंत, एएसपी राजेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व किसान उपस्थित थे।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)