भिलाई। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने खारुन ग्रीन कॉलोनी में दबिश देकर एक बुजुर्ग आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली कि, एक व्यक्ति इलाके में अफीम बेच रहा है। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 403 ग्राम अफीम और लाखों की नगदी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरमेल सिंह (70 वर्ष), निवासी खारुन ग्रीन कॉलोनी कुम्हारी जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की बिक्री कर रहा था। इस कार्रवाई में थाना कुम्हारी के पुलिस स्टाफ, उप निरीक्षक सहित आरक्षक किरण और आरक्षक सचिन सिंह की विशेष भूमिका रही।
आरोपी से क्या-क्या बरामद हुआ
403 ग्राम अफीम (कीमत लगभग 2 लाख रुपये)
नगद 14,46,000 रुपये
2 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5,500 रुपये)
नागरिकों से पिलस की अपील
दुर्ग जिला पुलिस ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि, मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस सूचना दें, ताकि ऐसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।