रायपुर। शादी-ब्याह के सीजन और गर्मी की छुट्टियों के बीच रेलयात्रियों की परेशानियां बढ़ने वाली हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और ईस्ट-कोस्ट रेलवे द्वारा विभिन्न स्टेशनों पर किए जा रहे बुनियादी ढांचे के विकास और यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण कार्यों के कारण अप्रैल से मई के बीच कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इन कार्यों के चलते कई ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द या परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएंगी।
इस अवधि में ट्रेनों की संख्या कम होने के कारण यात्रियों को भीड़ और कंफर्म टिकट पाने कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। जिस रूट की ट्रेन अप्रैल व मई में रद्द है, उस रूट की वैकल्पिक ट्रेनों में वेटिंग शुरू हो चुकी है। ऐसे में अब लोग फ्लाइट, बस में सफर की योजना बना रहे हैं। शादियों के सीजन में दिल्ली, मुंबई समेत प्रदेश के शहरों के लिए चलने वाली ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव
गोंदिया में चल रहे कार्य के कारण कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है। रीवा-इतवारी-रीवा एक्सप्रेस मई में निर्धारित तिथियों पर गोंदिया के बजाय जबलपुर-नैनपुर-बालाघाट मार्ग से संचालित होगी। इसके अलावा बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस 2 मई से 23 मई तक दुर्ग और गोंदिया के बीच रद्द रहेगी। वहीं मुंबई-गोंदिया एक्सप्रेस अंजनी और गोंदिया के बीच रद्द रहेगी। जबलपुर-गोंदिया पैसेंजर तथा तिरोड़ी और कटंगी की मेमू व डेमू सेवाएं गोंदिया और बिरसोला के बीच रद्द रहेंगी और इन ट्रेनों का संचालन बिर सोला तक ही सीमित रहेगा।
यात्रियों के लिए राहत व्यवस्था
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोरबा-बिलासपुर के बीच हसदेव एक्सप्रेस को पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को कुछ राहत मिल सके। हालांकि पीक सीजन के दौरान ट्रेनों की संख्या कम होने से यात्रियों को यात्रा के लिए योजना बनाने में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
चार अप्रैल से दिल्ली और मुंबई का सफर मुश्किल
अप्रैल में दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों की तकलीफ बढ़ने वाली है। 4 से 24 अप्रैल के बीच शालीमार, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोंडवाना, लोकमान्य तिलक टर्मिनल, समता एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें रद्द रहेंगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया स्टेशन पर लाइन नंबर-5 (प्लेटफॉर्म-3) पर स्थित वॉशेबल एप्रन को डिस्मेंटलिंग कर उसे बैलेस्टेड ट्रैक में परिवर्तित करने के लिए कार्य किया जाएगा। इस वजह से ट्रेन प्रभावित रहेगी।
पुरी स्टेशन पर प्लेटफार्म उन्नयन
पुरी स्टेशन के आधुनिकीकरण और प्लेटफार्म उन्नयन कार्य के चलते मार्च से मई तक कई लंबी दूरी की ट्रेनें पुरी तक नहीं जाएंगी। इन ट्रेनों को पहले के स्टेशनों से संचालित किया जाएगा। लोकमान्य तिलक टर्मिनस, गांधीधाम और वलसाड से आने-जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनें अब पुरी के बजाय साक्षी गोपाल स्टेशन से संचालित होंगी। वहीं इंदौर-पुरी और पुरी-श्री गंगानगर एक्सप्रेस ट्रेनें बीर पुरुषोत्तमपुर स्टेशन से ही प्रारंभ और समाप्त होंगी।
गोंदिया स्टेशन पर वॉशेबल एप्रन निर्माण
नागपुर रेलमंडल के अंतर्गत गोंदिया स्टेशन की लाइन संख्या-6 (प्लेटफार्म नंबर-4) पर वॉशेबल एप्रन निर्माण का कार्य किया जाएगा। यह कार्य 3 मई से 24 मई तक चलेगा, जिसके कारण इस अवधि में कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस 24 मई तक रद्द रहेगी, जबकि रायपुर-इतवारी पैसेंजर 23 मई तक रद्द रहेगी। इसके अलावा गोंदिया-डोंगरगढ़, गोंदिया-इतवारी और इतवारी-बालाघाट ट्रेन का संचालन भी पूरी तरह बंद रहेगा।
अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी कार्य
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन के अकलतरा स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और चौथी लाइन कनेक्टिविटी का कार्य किया जाएगा। यह कार्य 30 मार्च से 11 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान बिलासपुर-रायगढ़ मेमू, रायपुर-गेवरारोड मेमू और रायपुर-कोरबा पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर ट्रेन बिलासपुर तक ही संचालित होगी।









