हरिभूमि- आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय से बातचीत की। 

राजनांदगांव। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में आईएनएच-हरिभूमि द्वारा आयोजित जिला संवाद कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ, जहां छत्तीसगढ़ की साय सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर स्थानीय विकास,सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत और भविष्य की चुनौतियों पर खुली व बेबाक चर्चा हुई। इस कार्यक्रम ने जनता, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक ही मंच पर लाकर लोकतंत्र की मजबूती का जीता-जागता उदाहरण पेश किया। ऐसे संवाद न केवल समस्याओं को उजागर करते हैं, बल्कि समाधान की दिशा में भी ठोस सुझाव देते हैं। आईएनएच- हरिभूमि के प्रधान संपादक हिमांशु द्विवेदी ने राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय से बातचीत की। इस दौरान सांसद श्री पांडे ने मानपुर मोहला क्षेत्र में हुए भाजपा नेता की हत्या को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और नक्सलवाद के खात्मे को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा दिये गए समयसीमा का स्मरण भी करवाया। इसके अलावा भारत माला परियोजना को लेकर भी कांग्रेस पर तंज कसते नजर आए और भाजपा शासन काल की खूबियां गिनवाई।

सवाल: आपने कहा कि कांग्रेस ने यहां के लोगों के साथ न्याय नहीं किया फिर भी ये इलाका कांग्रेस के पक्ष में ही क्यों जाता है?
जवाब :
कांग्रेस की दादागिरी और धमकियों की वजह से बूथों में भाजपा का एजेंट तक नहीं बैठ पाता था। जिसने भी आतंक फैलाने का काम किया है उन्हें जल्द ही न्यूट्रिलाइज कर लिया जाएगा। 

सवाल : बूथ में एजेंट नहीं जा पाते थे तो भाजपा के प्रत्याशी कैसे जीत गए?
जवाब : उस समय स्थिति इतनी खराब नहीं थी, बहरहाल अब लोगों में खौफ पैदा करने वाले जेल के अंदर हैं।

सवाल : इस क्षेत्र में विकास तो दूर की बात मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है, आपके कार्यकाल में कितना काम हुआ है, प्रकाश डालिये?
जवाब : विभिन्न योजनाओं के तहत विभिन्न मदों से विकास कार्य करवाये जा रहे हैं, न केवल विकास कार्य हो रहे हैं बल्कि उन कार्यों की अनियमितता की शिकायत मिलने पर उन कार्यों की निविदा को रद्द करने के बाद पुनः नए सिरे से विकास का नया कीर्तिमान रचने का काम किया जा रहा है। ऐसा ही हाल में हुआ एक सड़क का टेंडर निरस्त कर फिर से वह कार्य करवाया जा रहा है।

सवाल : इस क्षेत्र के हिस्से में केवल एकलव्य स्कूल आएगा या केंद्रीय विद्यालय की भी उम्मीद करें ?
जवाब : निश्चित रूप से दोनों ही विद्यालय इस क्षेत्र की जनता को मिलेगा। राजनांदगांव जिले में जितने संसाधन और सुविधाएं विकसित हो चुकी हैं बहुत जल्द दोनों नए जिले खैरागढ़-छुईखदान गंडई और मानपुर मोहला अंबागढ़ चौकी में भी देखने को मिलेगा। यह भाजपा का दावा है।

सवाल: किसानों के संबंध में योजनाओं का लाभ लेने वाले हितग्राही केवल कांग्रेसियों के संपर्क में हैं या आपसे भी हैं ?
जवाब : ग्राम सुडियाल जहां महज 8 घर हैं, वहां भी भाजपा ने डाकघर की सुविधा दी है। आजादी के बाद जिस गांव में बिजली भी नहीं पहुंची थी, वहां बिजली पहुंचाने और वहां के लोगों के चेहरे पर खुशी लाने का काम हमने किया है।

सवाल : इस इलाके में उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में सरकार क्या काम कर रही है?
जवाब : सिर्फ इस इलाके में नहीं रेंगाखार, बकरकट्टा, सल्हेवारा क्षेत्र में उद्योग और रोजगार के संबंध में जल्द ही कार्य होने वाले हैं। मक्के की प्रोसेसिंग यूनिट के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।

सवाल : नक्सल प्रभावित होने के कारण दशकों से पिछड़ा इलाका है, क्या सरकार यहां के विकास के लिए कोई विशेष फंड दिए जाने की तैयारी है?
जवाब : नक्सलवाद के समापन और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तमाम प्रयास केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा किया जा रहा है। समरसता बनाने के लिए बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक जैसे कार्यक्रम भी हुए हैं।

सवाल : बस्तर क्षेत्र में तमाम प्रयास किये गए मोहला मानपुर के सन्दर्भ कब प्रयास किये जायेंगे ?
जवाब : बस्तर में सबसे अधिक जिले नक्सल प्रभावित रहे हैं राजनांदगांव में इस क्षेत्र के अलावा कुछ ही इलाके नक्सल प्रभावित रहे हैं।

सवाल : मोहला-मानपुर क्षेत्र आपको कितना डराता है या कितना लुभाता है ?
जवाब : बस्तर और वनवासी क्षेत्र से शुरू से मेरा लगाव रहा है, इस सत्र में जितना दौरा मैंने मानपुर मोहला का किया है वो किसी और जिले का नहीं किया है। यह क्षेत्र मुझे बहुत भाता है।

सवालः क्या वजह है कि 4 जिलों में मानपुर मोहला का दौरा आपने सबसे ज्यादा किया, यहां की कौन सी चीज आपको लुभाती है?
जवाब: पीएम नरेंद्र मोदी ने मानपुर मोहला अम्बागढ़ चौकी को आकांक्षी जिलों में शामिल किया है क्योंकि परिवार के सबसे छोटे और कमजोर बेटे पर अधिक ध्यान देना परिवार के मुखिया का कर्तव्य होता है। कांग्रेस ने इस क्षेत्र लोगों के साथ और अन्य आदिवासी बाहुल्य जिलों के साथ भेदभाव किया है।

विकास के लिए पांच सत्रों में मंथन
कार्यक्रम के दौरान 5 सत्रों में मंथन किया गया। पहले सत्र में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। पैनल में मोहला- मानपुर विधायक इंद्र शाह मंडावी, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, पूर्व विधायक छन्नी साहू, एमएमसी जिले की जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, राजनांदगांव जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, चौकी नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी, सांसद प्रतिनिधि राजू टांडिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने अपने विचार रखे। कलेक्टर  तुलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह और डीएफओ दिनेश पटेल ने जिला संवाद में जिले के विकास की जानकारी दी। इसके अलावा समाजसेवी नारायण खंडेलवाल, उद्योगपति संजय जैन, शिक्षाविद् पूर्णानंद नेताम, शिक्षाविद् देवानंद कौशिक तथा चेंबर ऑफ कॉमर्स के पवन गुप्ता ने वनांचल के विकास को लेकर चर्चा की।

कांग्रेस ने कहा, दो साल से काम रुका
जनप्रतिनिधियों के पैनल में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने जिला विकास के मुद्दे को लेकर कहा कि कांग्रेस ने जिला बनाया। अब दो साल से काम रुका पड़ा है। राजनांदगांव अंबागढ़ चौकी सड़क जर्जर हो गई है। इस सड़क में अब री-टेंडर हो रहा है। शिक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि यहां आत्मानंद स्कूल कांग्रेस सरकार ने खोला। पुल-पुलिया पर भी काम हुआ। मोजटोला और तोड़के का पुल निर्माण पूर्णतः की ओर है। जिला भाजपा प्रवक्ता व सांसद प्रतिनिधि राजू टांडिया ने जिला बनने के बाद इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम नहीं करने को लेकर कांग्रेस को घेरा। चौकी नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने इस क्षेत्र की पीड़ा को सामने रखते कहा कि 18 साल से अंबागढ़ चौकी शहर हर मामले में छला गया है। यहां की आखिरी उम्मीद मुझसे है। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार विकास हो रहा है। सीएम ने अपने सारे वादे पूरे किए हैं।