आईएनएच-हरिभूमि की संयुक्त पहल पर आयोजित इस विशेष संवाद में प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने मंत्री केदार कश्यप से सीधे और तीखे सवाल किए। 

दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर के गीदम स्थित एजुकेशन सिटी जावंगा में आयोजित जिला संवाद कार्यक्रम सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की समीक्षा का प्रमुख मंच बना। आईएनएच न्यूज चैनल और हरिभूमि की संयुक्त पहल पर आयोजित इस विशेष संवाद में प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य विभाग के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप से सीधे और तीखे सवाल किए। 

डॉ. हिमांशु के सवालों के जवाब में केदार कश्यप ने कहा कि,  पिछले दो वर्षों में दूरस्थ अंचलों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया है। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, कौशल विकास केंद्रों की स्थापना और डिजिटल सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी गई है। संवाद में अधोसंरचना विकास, सड़क निर्माण, शिक्षा संस्थानों के उन्नयन, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, कृषि उन्नयन, युवाओं के लिए रोजगार अवसर और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

अब बस्तर शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार का गढ़ रहा कीर्तिमान
दंतेवाड़ा एक समय नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित था, जब जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का यहां पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण था। प्रशासनिक पुनर्गठन के बाद हालात बदले हैं और विकास कार्यों को गति मिली है। अब बस्तर संभाग शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और संचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। सांसद महेश कश्यप ने राज्य निर्माण के बाद विकास की दिशा में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकेंद्रीकृत प्रशासन और सुशासन की नीति ने दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा है। उन्होंने जनभागीदारी को स्थायी विकास का आधार बताया और विश्वास जताया कि बस्तर आने वाले समय में निवेश और रोजगार का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों की उपस्थिति में विकास कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर खुलकर चर्चा हुई। 

हरिभूमि-आईएनएच जिला संवाद शौर्य भवन लालबाग में आज
संभाग मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग स्थित शौर्य भवन में हरिभूमि-आईएनएच के संयुक्त तत्वावधान में जिला संवाद का आयोजन 19 फरवरी को दोपहर 3 बजे से होगा। छत्तीसगढ़ सरकार के 2 वर्ष पूरे होने पर जिले के विकास में हो रहे उपलब्धि और समस्याओं पर चर्चा एवं विचार मंथन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधान संपादक डॉ हिमांशु द्विवेदी, वनमंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, बेवरेज कार्पोरेशन केअध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, महापौर संजय पाण्डेय, पूर्व महापौर जतीन जायसवाल, हमर राज पार्टी के अध्यक्ष मनीष कुंजाम, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, छग सर्व आदिवासी समाज के प्रांतीय अध्यक्ष राजाराम तोड़ेम, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी समेत उच्च प्रशासनिक अधिकारी और व्यापारी वर्ग से संवाद करेंगे। अंतिम कड़ी में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले 5 प्रतिभाओं का सम्मान होगा।