छत्तीसगढ़ सरकार ने होली से पहले कृषक उन्नति योजना के तहत 25 लाख किसानों के खातों में ₹10,324 करोड़ धान बोनस राशि जारी की, किसानों में खुशियों की लहर।

धरसीवां। होली से ठीक पहले छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी राहत मिली है। ‘कृषक उन्नति योजना’ के अंतर्गत राज्य सरकार ने 25 लाख 28 हजार किसानों के खातों में धान खरीदी की अंतर राशि के रूप में ₹10,324 करोड़ की ऐतिहासिक राशि ट्रांसफर की। 
धरसीवां के जोरा स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री द्वारा इस राशि का वर्चुअल भुगतान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने किया रिकॉर्ड राशि का ऑनलाइन ट्रांसफर
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक बटन दबाकर ₹10,324 करोड़ की राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी। यह भुगतान धान बोनस के रूप में किया गया है, जो सरकार द्वारा किसानों से किए गए वादे को पूरा करता है। सरकार का दावा है कि यह एकमुश्त राशि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देगी और किसानों को होली जैसे प्रमुख त्योहार पर आर्थिक राहत प्रदान करेगी।

यह केवल राशि नहीं, किसानों की मेहनत का सम्मान है- विधायक अनुज शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह दिन छत्तीसगढ़ के अन्नदाताओं के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा 'होली से पहले किसानों के खाते में पहुँची यह राशि केवल नंबर नहीं, बल्कि प्रत्येक किसान के पसीने का सम्मान है। हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।' उन्होंने आगे कहा कि बोनस राशि से किसान आगामी खरीफ सीजन की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगे और त्यौहार भी ख़ुशी से मना पाएंगे।

‘जय जवान-जय किसान’ से गूंजा सभागार
धरसीवां और आसपास के गाँवों से हजारों किसानों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। जैसे ही मोबाइल पर “बोनस राशि जमा” का संदेश पहुँचा, पूरा परिसर “जय जवान-जय किसान” के नारों से गूंज उठा। किसानों ने इसे आर्थिक आज़ादी का बड़ा कदम बताया।

तकनीकी सत्रों में दी गई आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, नई तकनीकों, खेती में लागत कम करने के उपायों और खरीफ सीजन की वैज्ञानिक तैयारी पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा के साथ विधायक मोतीलाल साहू, ज़िला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, सविता चंद्राकर, शकुन्तला ढीलेंद्र सेन, दिनेश खूटे, अशोक सिन्हा सहित बड़ी संख्या में किसान और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।