यशवंत गंजीर- कुरुद। छत्तीसगढ़ के कुरूद क्षेत्र के बगौद फूड पार्क स्थित एक तेल फैक्ट्री में कल रात्रि करीब 8 बजे अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारी अपनी जान बचाकर बाहर निकलते नजर आए।
इस हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे तीन मजदूर झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों और सहकर्मियों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पूरे परिसर में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग वेल्डिंग कार्य के दौरान निकली चिंगारी से भड़की, जिसने पास में रखे ज्वलनशील पदार्थ को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद और धमतरी से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा आसपास की औद्योगिक इकाइयों को भी नुकसान पहुंच सकता था। फिलहाल, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री प्रबंधन से सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।