जगदलपुर रवाना होने से पहले डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि, 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद समाप्त हो जाएगा, आज पापाराव आत्मसमर्पण करेगा।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री और डिप्टी सीएम विजय शर्मा सोमवार को जगदलपुर रवाना हुए। रवाना होने से पहले उन्होंने नक्सल मोर्चे पर राज्य की बड़ी उपलब्धियों और आने वाले दिनों की रणनीति पर स्पष्ट बयान दिया। 
उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद की समाप्ति के बिल्कुल अंतिम चरण में है और 31 मार्च तक इसका पूर्ण सफाया हो जाएगा। लेकिन 31 मार्च की रात कोई हैप्पी न्यू ईयर नहीं है और सुरक्षा में बिल्कुल ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

पापाराव का आज पुनर्वास
विजय शर्मा ने बताया कि कुख्यात नक्सली पापाराव आज समाज के सामने आत्मसमर्पण करने वाला है। उसके साथ 8 AK-47 और अन्य हथियार भी जमा कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं और नक्सली संगठन लगातार कमजोर हो रहे हैं।

30-35 नक्सली बाकी, उनका भी होगा पुनर्वास
गृहमंत्री ने कहा कि, राज्य में नक्सलवाद लगभग समाप्ति की स्थिति में पहुँच चुका है। अब मात्र 30-35 सक्रिय नक्सली बचे हैं, जिनका भी जल्द पुनर्वास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई का नतीजा है।

वरिष्ट नक्सल लीडरों पर भी बयान
विजय शर्मा ने बताया कि, शीर्ष नक्सली नेता गणपति की लोकेशन की जानकारी वर्तमान में उपलब्ध नहीं है, जबकि मिशीर अब भी सक्रिय है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां इन दोनों पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं।

31 मार्च की रात कोई हैप्पी न्यू ईयर नहीं
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, 31 मार्च से राज्य नक्सल मुक्त होने की ओर बढ़ेगा, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सावधानी कम हो जाएगी। 31 मार्च की रात कोई हैप्पी न्यू ईयर नहीं है, सुरक्षा में ढिलाई बिल्कुल नहीं बरती जाएगी।