लीलाधर राठी- सुकमा। छत्तीसगढ़ में फिल्म केडी-द डेविल के गाने ‘सरके सरके सर से चुनर सरके’ को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य और अधिवक्ता दीपिका शोरी ने गाने की प्रस्तुति के साथ-साथ इसके लिरिक्स पर भी कड़ी आपत्ति जताई है।
दीपिका शोरी ने कहा कि, गाने में अभिनेत्री नोरा फतेही की प्रस्तुति और फिल्मांकन महिलाओं की गरिमा के अनुरूप नहीं है। साथ ही गाने के बोल भी अश्लीलता को बढ़ावा देने वाले हैं, जो समाज में गलत संदेश देते हैं।
यह गाना सामाजिक मर्यादा के है खिलाफ
उन्होंने यह भी कहा कि, इस तरह के गानों के कारण महिलाएं अपने परिवार के साथ बैठकर इन्हें देखने में असहज महसूस करती हैं, जो सामाजिक मर्यादा और सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ है। मनोरंजन के नाम पर इस प्रकार की सामग्री पर रोक लगाने और जिम्मेदार कंटेंट बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
गानें पर कार्रवाई की मांग
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य दीपिका शोरी ने कहा कि, संबंधित विभागों से गाने की समीक्षा कर उचित कार्रवाई की मांग की है। यह मामला एक बार फिर फिल्मी गानों में बढ़ती बोल्डनेस, लिरिक्स की मर्यादा और उसके सामाजिक प्रभाव को लेकर बहस को तेज कर रहा है।