पेड़ पर लटका मिला आरक्षक का शव : पूर्व PCC चीफ मोहन मरकाम के बंगले पर तैनात था आरक्षक 

dead body
X
नदी किनारे पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव
छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम के बंगले पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात आरक्षक ने नदी किनारे पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

कोंडागांव। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मंत्री मोहन मरकाम के बंगले में तैनात कांस्टेबल ने आत्महत्या कर ली है। यह वाकया मरकाम के कोंडागांव का है। बताया जा रहा है कि, आरक्षक ड्यूटी खत्म कर मरकाम के घर से अपने घर जाने के लिए निकला था। रास्ते में नदी किनारे उसका शव पेड़ पर फंदे से लटकता मिला है।

कोंडागांव बंगले में ड्यूटी पर था आरक्षक

कोंडागांव पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरक्षक का नाम संपत मंडावी है। वह भानपुरी का रहने वाला था। उसकी ड्यूटी आजकल मोहन मरकाम के कोंडागांव बंगले में थी। बुधवार 12 जून को संपत मंडावी ड्यूटी खत्म कर घर जाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से निकला था। कुछ घंटों बाद ही उसका शव ग्राम लंजोड़ा बुकापारा में नदी किनारे एक पेड़ पर लटका मिला। शव को सबसे पहले गांव के ही एक चरवाहे ने देखा।

नहीं मिला सुसाइड नोट

पेड़ पर शव लटकता देखने के बाद चरवाहे ने इसकी सूचना गांव के सरपंच को दी। सरपंच से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारा गया। फिलहाल आरक्षक ने ऐसा कदम क्यों उठाया इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक उसके पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मृत कांस्टेबल के परिजनों को इसकी सूचना दे दी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story