दिल्ली दौरे से लौटे CM साय ने नक्सलवाद समाप्ति, बस्तर विकास, आगामी चुनाव और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिए।

रायपुर। दिल्ली प्रवास के बाद रायपुर लौटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री और पार्टी नेतृत्व से हुई मुलाकातों का विवरण साझा करते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने नक्सलवाद के अंत पर केंद्र सरकार का आभार जताया और बस्तर के विकास से लेकर आगामी चुनावों और नारी शक्ति वंदन अधिनियम तक, कई अहम विषयों पर अपनी बात रखी।

प्रधानमंत्री से मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी विस्तृत मुलाकात हुई। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में चार दशक पुरानी नक्सल समस्या के निर्णायक अंत में प्रधानमंत्री व गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छा शक्ति की बड़ी भूमिका रही। साय ने कहा, 'छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री को धन्यवाद। बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त है।'

बस्तर विकास का रोडमैप साझा किया
सीएम ने बताया कि बस्तर, जो वर्षों तक विकास से वंचित रहा, अब तेज़ी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री को यह जानकारी दी कि किस तरह वहां सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की दिशा में बड़े कदम उठाए जाएंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और आने वाले महीनों की रणनीति पर चर्चा की गई।

तीन राज्यों के चुनाव
आगामी चुनावों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन तीन राज्यों में मतदान होना है, वहां भाजपा बेहद मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा, “असम में फिर सरकार बनेगी। बाकी राज्यों में भी स्थिति बहुत अच्छी है। पूरा देश NDA के साथ है।”

नारी शक्ति वंदन अधिनियम
सीएम साय ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कहा कि इसके लिए संसद का विशेष सत्र आयोजित होने वाला है, जिसमें महिलाओं को 33% आरक्षण देने वाला विधेयक पारित किया जाएगा। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से नारी शक्ति वंदन अधिनियम का स्वागत करते हैं। यह महिलाओं के सम्मान और सहभागिता को बढ़ाने वाला कदम होगा।”

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी साथ
दिल्ली दौरे के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर पहुंचे, जहां उनके साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी मौजूद रहे। दौरे को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)