रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को देर शाम दिल्ली रवाना हो गए। वे मंगलवार को सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। मुलाकात के दौरान वे नक्सलवाद से मुक्त हुए बस्तर के विकास के संबंध में राज्य सरकार द्वारा तैयार की गई योजनाओं का तैयार की गई योजनाओं का प्रजेंटेशन देंगे।
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं को बताया कि, दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर बस्तर में विकास और प्रदेश की गतिविधियों की जानकारी देंगे। साथ ही यह भी कहा कि यह सौजन्य मुलाकात है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार की देर रात लगभग साढ़े 11.30 बजे नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। अपने इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान मुख्यमंत्री 7 अप्रैल को सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसी दिन वे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी भेंट करेंगे।
सरकार ने बस्तर में बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा, अबूझमाड़ में खत्म हुआ नक्सल प्रभाव, अब बस्तर विकास की ओर बढ़ रहा है। डबल इंजन सरकार ने बस्तर में बदली तस्वीर। नक्सलवाद और बस्तर विकास पर उन्होंने कहा, नक्सलवाद का केवल खात्मा करना ही पर्याप्त नहीं है। बस्तर क्षेत्र चार दशकों से विकास से वंचित रहा है, वहां विकास पहुंचाना जरूरी है। अब 400 से अधिक गांवों में फिर से आबादी बस चुकी है। इन गांवों में सड़क, बिजली और राशनकार्ड जैसी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। अब वहां स्कूलों की घंटी सुनाई देने लगी है। जो क्षेत्र वर्षों से पिछड़ा था, वह अब तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।
बस्तर के विकास पर होगी बात
सरकार की प्राथमिकता बस्तर क्षेत्र को तेजी से विकास की मुख्यधारा में लाना है। मुख्यमंत्री अपनी प्रस्तुति में बस्तर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, उद्योगों को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और विकास के बारे में बात रखेंगे।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।