Logo
election banner
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस डूबती जहाज है। सब कांग्रेस छोड़कर भाग रहे हैं। 

रायपुर। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में जनता को साधने के लिए ‘न्याय पत्र’ के नाम से अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस पर अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, केंद्र में कांग्रेस सरकार बनेगी? न नौ मन तेल होगा... ना राधा नाचेगी...। 

उन्होंने कहा कि, यह कुछ भी कर लें 2018 के विधानसभा चुनाव में 36 वादे किए थे, 5 साल में एक भी काम पूरा नहीं किया। कांठ की हांडी एक बार चढ़ती है, बार-बार नहीं। कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी है। चाहे एक लाख देने की बात कहे चाहे कुछ भी कर ले। एक लाख देने का फॉर्म भरा रहे, पैसा कहां से देंगे..?  कांग्रेस एक डूबता जहाज है। सब कांग्रेस छोड़कर भाग रहे हैं। इतनी संख्या में कांग्रेस के लोग बीजेपी आ रहे हैं। हमें अब प्रवेश कराने में दिक्कत हो रही है।

वीवीपेट से हो गिनती : शुक्ला

वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा- घोषणापत्र में हर वर्ग के लिए घोषणाएं की गई है। हमने गरीब महिलाओं को एक लाख सालाना देने का वादा किया है। कांग्रेस का घोषणापत्र देश की जनता के लिए नई उम्मीद है। हम बैलेट की मांग तो करते ही हैं। यदि EVM से चुनाव होते हैं तो वीवीपेट से गिनती हो इससे सफाई सामने आ जाएगी।

पाँच न्याय और 25 घोषणाओं पर आधारित कांग्रेस का ‘न्याय पत्र'

बता दें, कांग्रेस का घोषणा पत्र पाँच न्याय और 25 घोषणाओं पर आधारित है। जिसमें जातीय जनगणना, महिलाओं को सालाना 1 लाख रुपये, किसानों को कर्ज माफी और युवाओं को 30 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा है। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने महिलाओं को साध कर 2023 में सरकार बनाई है। अब कांग्रेस के घोषणा पत्र पर किसान, युवा और महिला वोटरों को साधने की यह तरकीब है। ऐसे में भाजपा लगातार कांग्रेस के घोटाले और अपूर्ण वादों को याद दिलाते हुए कांग्रेस को डूबता जहाज बताया है। 

इनकी नेता प्रतिपक्ष बनने की औकात नहीं : सीएम साय

सीएम साय ने प्रधानमंत्री मोदी पर मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी का पलटवार करते हुए कहा कि, यह मोदी जी को जितना गाली देंगे, उतना ही BJP को फायदा है। ये मोदी जी को क्या क्या नहीं बोले, मौत का सौदागर, चौकीदार चोर है कहा। 2014 में नेता प्रतिपक्ष बनने की इनकी औकात नहीं थी। इस बार भी इनकी औकात नहीं रहेगी।

क्या प्रधानमंत्री अफीम खा कर सो रहे हैं?

दरअसल, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने राजस्थान में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर तीखे सवाल दागे। उन्होंने कहा कि,  मोदी जी कहते हैं कि 56 इंच का सीना है, डरेंगे नहीं। लेकिन अगर डर नहीं लगता तो चीन के लिए इतनी जमीन क्यों छोड़ दी? वो अंदर आ रहे हैं, सो रहे हो? नींद की गोलियां ले रहे हो? या तुमने राजस्थान के खेतों से अफीम ली है या उन्होंने तुम्हें खिलाई है?

jindal steel Ad
5379487