रीएजेंट घोटाला में ईओडब्लू, एसीबी की टीम ने विशेष न्यायालय में घोटाला में शामिल चार आरोपियों के खिलाफ करीब साढ़े तीन हजार पन्नों का पूरक चालान पेश किया है। 

रायपुर। छह सौ करोड़ रुपए से ज्यादा के रीएजेंट घोटाला में ईओडब्लू तथा एसीबी की टीम ने विशेष न्यायालय में घोटाला में शामिल चार आरोपियों के खिलाफ करीब साढ़े तीन हजार पन्नों का पूरक चालान पेश किया है। जिनके खिलाफ पूरक चालान पेश किया गया है, उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 409, 120 बी तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज है। 

जांच एजेंसी ने हरियाणा, पंचकुला स्थित रिकार्डर्स एंड मेडिकेयर सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अभिषेक कौशल, रायपुर स्थित श्री शारदा इंडस्ट्रीज के प्रोप्राईटर राकेश जैन, रिकार्डर्स एंड मेडिकेयर सिस्टम्स प्रायवेट लिमिटेड के लाइजनर तथा शशांक चोपड़ा के जीजा प्रिंस जैन, नवी मुंबई स्थित डायसिस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मार्केटिंग हेड कुंजल शर्मा के खिलाफ पूरक चालान पेश किया है। जांच एजेंसी सीजीएमएससी घोटाला में शामिल अब तक 10 लोगों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश कर चुकी है।

पूल टेंडरिंग के माध्यम से निविदा हासिल
राज्य के आम जनता को निःशुल्क डायग्नोस्टिक जांच उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पतालों, एफआरयू सीएचसी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्र में "हमर लैब" योजना अंतर्गत क्रय किए जाने वाले मेडिकल उपकरण एवं रीएजेंट्स की निविदा प्रक्रिया में पूल टेंडरिंग के माध्यम से मोक्षित कॉर्पोरेशन पर निविदा हासिल करने का आरोप है। विवेचना में यह तथ्य सामने आया है कि शशांक चोपड़ा का जीजा प्रिंस रिकार्ड एंड मेडिकेयर सिस्टम्स के लिये लाइजनिंग का काम करता था।

प्रतिस्पर्धी कंपनियों को साथ जोड़ा
जांच में सामने आया है कि निविदा प्रक्रिया में प्रतिस्पर्धा को प्रभावित करने के उद्देश्य से कुछ फर्मों द्वारा आपसी समन्वय और कार्टलाइजेशन किया गया। इस वजह से टेंडर में यही तीन फर्मे शॉर्टलिस्ट हुई थीं, जिनकी वित्तीय दर खोली गई। तीनों पात्र फर्मों द्वारा भरे गए टेंडर में उत्पाद, पैक-साइज, रीएजेंट और कंज्यूमेबल्स का विवरण समान पैटर्न में भरा गया। जिन उत्पादों का नाम निविदा दस्तावेज में स्पष्ट रूप से अंकित नहीं था, उन्हें भी तीनों फर्मों द्वारा समान रूप से दर्शाया गया। दर भी समान पैटर्न में कोड किए गए, जिसमें सबसे कम दर मोक्षित द्वारा, उसके बाद आरएमएस तथा श्री शारदा इंडस्ट्रीज द्वारा कोड किया गया।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)