सदस्य अभियान में विधायकों को दस-दस हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है। इस अभियान में आधे से ज्यादा विधायक फिसड्डी साबित हुए हैं। 

रायपुर। प्रदेश भाजपा संगठन ने अपने सदस्य अभियान में विधायकों को दस-दस हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है। इस अभियान में आधे से ज्यादा विधायक फिसड्डी साबित हुए हैं। एक तरफ विधायक लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके हैं, तो दूसरी  तरफ भाजपा के कई कार्यकर्ता ऐसे हैं, जो विधायकों का लक्ष्य प्राप्त करने में सफल हो गए हैं। इन कार्यकर्ताओं ने दस से 12 हजार तक सदस्य बनाने का कमाल कर दिया है।

इन कार्यकर्ताओं के साथ ही तीन हजार या इससे ज्यादा सदस्य बनाने वालों का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों सम्मान करवाया जाएगा। इनको मुख्यमंत्री के साथ भोजन करने का मौका भी मिलेगा। प्रदेश भाजपा संगठन ने इस बार सितंबर में जब सदस्यता अभियान का प्रारंभ किया तो यह ऐलान किया गया था, जो भी कार्यकर्ता तीन हजार या इससे ज्यादा सदस्य बनाने का काम करेंगे, उनका सम्मान किया जाएगा और उनको मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ भोजन करने का मौका मिलेगा। इसके बाद कार्यकर्ता सदस्यता अभियान में जोर-शोर से जुटे और अब कई कार्यकर्ता तीन हजार या इससे ज्यादा सदस्य बनाने में सफल हो गए हैं। कई कार्यकर्ता तो इतने तेज निकले हैं इनके खाते में पांच से दस हजार सदस्य हो गए हैं।

इसे भी पढ़ें...नेशनल गोल्फ चैंपियनशिप : 20 राज्यों की टीमों ने लिया हिस्सा, पंजाब प्रथम और महाराष्ट्र ने दूसरा स्थान प्राप्त किया

इनके खाते में तीन-तीन हजार 

इसी के साथ तीन हजार या इससे ज्यादा सदस्य बनाने वालों में प्रदेश मीडिया विभाग के प्रभारी अमित चिमनानी, आशु चद्रवंशी, अमर सुल्तानिया, रजनीश कुमार सिंह, बैजंती लहरे, शिवरतन शर्मा, संजय कुमार शर्मा, संतोष लहरे, सरला कोसरिया, राजेश साहू, किशोर देवांगन, लाभचंद बाफना, देवेंद्र तिवारी, निर्मल सिन्हा, देवेंद्र रात्रे, गोपाल साहू, विकास सिंह, कुमारी भास्कर शामिल हैं।

विधायकों को मात देने वाले

प्रदेश संगठन ने विधायकों के लिए दस-दस हजार और सांसदों के लिए 20-20 हजार का लक्ष्य तय किया है। जहां एक मात्र सांसद केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ही 20 हजार सदस्य बना सके हैं, वहीं दूसरी सांसद महासमुंद की रूप कुमारी चौधरी हैं जो दस हजार के पास गई हैं। विधायकों में आधे से ज्यादा विधायक अपने लक्ष्य से बहुत दूर हैं, लेकिन कई ऐसे भी कार्यकर्ता हैं जो विधायकों को मात देकर दस हजार या इससे भी ज्यादा सदस्य बनाने में सफल हो गए हैं। ऐसे कार्यकर्ताओ में रवि पांडेय, सुनील अग्रवाल ने 12-12 हजार से ज्यादा, बसंत अग्रवाल ने 11 हजार और नितिन अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल ने 10-10 हजार से ज्यादा सदस्य बनाए हैं। इसी के साथ प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष अलका चंद्राकर ने तो दस हजार से ज्यादा सदस्य बना लिए हैं। इसके अलावा संयोगिता जूदेव ने सात हजार से ज्यादा, दिनेश जांगड़े, अवदेश कुमार जैन, हितानंद अग्रवाल, आनंद प्रकाश मिरी ने पांच-पांच हजार से ज्यादा सदस्य बनाए हैं। 

होगा सम्मान

सदस्यता अभियान समिति के प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव ने बताया कि, तीन हजार या इससे ज्यादा सदस्य बनाने वाले सभी का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों सम्मान कराया जाएगा। इसी के साथ इनको मुख्यमंत्री के साथ भोजन करने का भी मौका मिलेगा।