बिलासपुर के तखतपुर थाना क्षेत्र में बारात के दौरान चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार। पुलिस ने मौके से चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया।

पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी समारोह के दौरान दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बारात के बीच चाकू लहराकर लोगों को डराने की कोशिश कर रहा था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है, जहां जरौधा बस स्टैंड के पास एक बारात के दौरान आरोपी युवक अचानक चाकू लेकर लोगों के बीच पहुंच गया और उसे लहराकर डराने लगा। युवक की इस हरकत से शादी समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया और लोग सहम गए।

आरोपी गिरफ्तार और कब्जे से चाकू बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके पास से चाकू बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

दूल्हे की गाड़ी रोककर दी नकली बंदूक से धमकी
वहीं मंगलवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां शादी समारोह के दौरान कुछ युवकों ने दूल्हे की गाड़ी को रोककर नकली बंदूक से धमकाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बंदूकनुमा वस्तु लेकर की डराने की कोशिश
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के नवापारा गांव का है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि, शादी समारोह के बीच कुछ युवक दूल्हे की गाड़ी को रोकते हैं और हाथ में बंदूकनुमा वस्तु लेकर डराने की कोशिश करते हैं। इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हरकत को लेकर लोगों में आक्रोश
मामले पर थाना प्रभारी राजेश चंद्रवंशी का कहना है कि, वीडियो में दिखाई दे रही बंदूक असली नहीं बल्कि नकली (लैटर) है। हालांकि, इस तरह की हरकत को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

स्थिति को लेकर उठे गंभीर सवाल
वहीं, इस घटना को लेकर देवेंद्र यादव अपडेट नामक फेसबुक पेज पर पोस्ट शेयर कर छत्तीसगढ़ सरकार को निशाने पर लिया गया है। पोस्ट में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। गौरतलब है कि, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई नहीं होने पर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)