गणेश मिश्रा- बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल संगठन को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। मंगलवार को पोलित ब्यूरो सदस्य थीपरी तिरुपति उर्फ देवजी उर्फ कुम्मा दादा ने अपने अन्य तीन साथियों के साथ तेलंगाना के डीजीपी शिवधर रेड्डी के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।
पोलित ब्यूरो सदस्य देवजी के साथ केंद्रीय समिति सदस्य मल्ला राजी रेड्डी उर्फ संग्राम, स्टेट कमेटी मेंबर बड़े चोक्का राव उर्फ दामोदर और स्टेट कमेटी सदस्य नुने नरसिम्हा रेड्डी उर्फ गंगन्ना उर्फ सन्नू दादा ने भी आत्मसमर्पण किया है। यह पहली बार है, जब दो केंद्रीय स्तर के माओवादी ने आत्मसमर्पण किया है। इनका समर्पण करना नक्सलवाद पर एक बड़ी विजय के रूप देखा जा रहा है।
BBM के 15 नक्सलियों ने हथियार डालने का किया ऐलान
वहीं एक दिन पहले छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर सक्रिय CPI (माओवादी) बलांगीर-बरगड़-महासमुंद (BBM) डिवीजन के 15 नक्सलियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण करने का ऐलान किया है। पश्चिम सब ब्यूरो सचिव ‘विकास’ ने गृह मंत्री विजय शर्मा को विस्तृत पत्र भेजकर कहा है कि सभी सदस्य मुख्यधारा में जुड़ने के लिए तैयार हैं और सरकार से रेडियो संदेश के माध्यम से सुरक्षा की गारंटी चाहते हैं। गृह मंत्री ने भी आश्वासन दिया है कि सरकार पुनर्वास नीति पर पहले से काम कर रही है और जल्द ही वीडियो संदेश जारी करेंगे।