गणेश मिश्रा- बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में इन दोनों विधायक विक्रम मंडावी का धुआंधार दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि विधायक विक्रम मांडवी के नक्सल प्रभावित इलाकों के दौरों से भाजपा बैक फुट पर आ गई है। क्योंकि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में काबिज भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प के साथ उन तमाम इलाकों में सड़कों और कैंपों के साथ मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया है। जिन इलाकों में कभी प्रवेश करने तक के लिए नक्सलियों से अनुमति लेनी पड़ती थी। तेज गति से हो रहे विकास के बीच पिछले दो सालों में अब तक उन इलाकों में बीजेपी का एक कार्यकर्ता भी नहीं पहुंच सका जहां पर खुद की सरकार ने विकास कार्यों को गति प्रदान की है।
विक्रम हर रोज उन इलाकों का दौरा कर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं, जिन इलाकों में आज तक कोई भी जनप्रतिनिधि नहीं पहुंच पाया है। वहां जाकर विधायक लोगों से चौपाल के माध्यम से समस्याएं सुन रहे हैं और उन समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार से बात भी कर रहे हैं। पिछले कुछ ही दिनों में विधायक विक्रम मंडली अबूझमाड़ और नेशनल पार्क के उन इलाकों का दौरा कर लौट चुके हैं। जहां नक्सलियों की तूती बोलती थी और उन्ही इलाको को नक्सली अपना सबसे सुरक्षित ठिकाना मानते थे साथ ही अपने ट्रेनिंग कैम्प चलाते थे। एक सप्ताह पहले ही विधायक विक्रम मांडवी भोपालपटनम से होते हुए नेशनल पार्क का दौरा कर फरसेगढ़ लौटे थे, जो उनका गृहग्राम है।
कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा था निशाना
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान विधायक नेशनल पार्क में के लगभग आधा दर्जन से ज्यादा गांवों का दौरा कर लौटे थे। उसके ठीक 2 दिन बाद बीजापुर और दंतेवाड़ा की सीमा पर बसे दुमिरपालनार भी पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने लाल पानी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। हालांकि नेशनल पार्क दौरे से पहले बीजापुर एसपी ने विधायक को नक्सली गतिविधियों का हवाला देकर दौरे की अनुमति प्रदान नहीं किया था। कांग्रेसियों ने इसे मुद्दा भी बनाया था और कहा था कि जब नक्सलवाद खात्मे की ओर है तो क्यों विधायक और प्रतिनिधियों को खास उस इलाके का दौरा करने से रोका जा रहा है। हालांकि, उसके बाद विधायक नेशनल पार्क का दौरा कर लौट चुके हैं। बीजापुर में चर्चा का विषय है कि अपने ही सरकार में हो रहे विकास कार्यों के बीच भाजपा का कोई भी नेता उन इलाकों तक नहीं पहुंच पा रहा है। जहां पर विधायक विक्रम मांडवी बेधड़क पहुंच रहे हैं।
लोगों की सेवाओं के 24 घंटे रहूंगा तत्पर
लोगों का कहना है कि भाजपा की सरकार प्रदेश में कहां कैसा काम कर रही है यह तो नहीं पता। बीजापुर में पूरी तरीके से बैक फुट पर है क्योंकि लोगों का छोटा-मोटा काम भी नहीं हो पा रहा है। इसके पीछे बड़ी वजह यह है कि भाजपा के चुने हुए जन प्रतिनिधि और कद्दावर नेता सिर्फ ठेकेदार और पेटी में काम बांटने में व्यस्त है। जिसके चलते बीजापुर के लोग अपने छोटे-मोटे कामों के लिए भाजपा नेताओं के पास जाने से कतरने लगे हैं। विधायक विक्रम मंडावी का कहना है कि बीजापुर की जनता ने मुझ पर विश्वास जताते हुए दो बार विजयी बनाया है। इसलिए मैं 24 घंटे उनकी सेवा के लिए तत्पर हूँ। लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मैं जिले के उस अंतिम गांव तक पहुंचने का प्रयास करूंगा जहां लोगों को मेरी जरूरत है और मैं उनके लिए लड़ूंगा।