Logo
election banner
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आवंटित सिविल लाइंस स्थित बंगले में साफ सफाई का काम जारी है। लंबे समय से खाली पड़े इस बंगले में काफी गंदगी और कचरा जमा हो गया था।

रायपुर । छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार द्वारा आवंटित नए बंगले में जाएंगे। बताया गया है कि, इस बंगले की साफ-सफाई का काम चल रहा है। इसके बाद जैसे ही बंगले का काम पूरा होगा, वे यहां शिफ्ट हो जाएंगे। दूसरी ओर सरकार के मंत्रियों को भी बंगलों का आवंटन किया गया है, लेकिन ये बंगले अभी मंत्रियों के हिसाब से तैयार नहीं हुए हैं। बंगले तैयार होने के बाद इन्हें मंत्रियों को हैंडओवर किया जाएगा। इसके बाद शिफ्टिंग होगी।

भूपेश के बंगले में काम जारी

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आवंटित सिविल लाइंस स्थित बंगले में दो-तीन दिनों से साफ सफाई का काम जारी है। बताया गया है कि लंबे समय से खाली पड़े इस बंगले में काफी गंदगी और कचरा जमा हो गया था। बताया गया है कि सफाई का काम पूरा होने के बाद इंटीरियर का कुछ काम किया जाना है। श्री बघेल के करीबियों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री इस माह के तीसरे सप्ताह तक नए आवास में शिफ्ट हो सकते हैं।

मंत्रियों को बंगले हैंडओवर नहीं

इधर भाजपा सरकार के दो उपमुख्यमंत्रियों समेत अन्य मंत्रियों को सरकारी बंगले आवंटित किए गए हैं, लेकिन कोई भी मंत्री अभी तक नए बंगलों में शिफ्ट नहीं हुआ है। बताया गया है कि लगभग सभी मंत्रियों के आवास में साफ-सफाई और आंतरिक सज्जा का काम किया जा रहा है। यही कारण है कि अब तक किसी मंत्री ने शिफ्टिंग नहीं की है। इस बीच जानकारी मिली है कि मंत्री लखन लाल देवांगन को पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे का बंगला दिया गया है। यह बंगला आवंटित होने के समय ही यहां उनके समर्थकों ने पोस्टर लगवाए थे। अभी भी यहां काम चल रहा है, लेकिन बंगले के एक कक्ष में श्री देवांगन का ऑफिस चल रहा है। वे यहां कुछ समय के लिए बैठते हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को पूर्व विधानसभाध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत का बंगला मिला है। बताया गया है कि इस बंगले में साफ-सफाई और आंतरिक सज्जा की स्थिति बेहतर है, लेकिन डॉ. महंत ने बंगला खाली नहीं किया है। बताया गया है कि जैसे ही डॉ. महंत को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर मिले बंगले का काम पूरा हो जाएगा, वे नई जगह पर शिफ्ट होंगे। तब उनके बंगले के खाली होने के बाद डॉ. रमन सिंह विधानसभाध्यक्ष के बंगले में जाएंगे।

श्याम बिहारी के बंगले पर विवाद

भाजपा सरकार के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया का बंगला दिया गया है, लेकिन इस बंगले को लेकर विवाद है। श्री जायसवाल ने आरोप लगाया है कि बंगले का काफी सामान गायब है। इस मामले को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू का बंगला उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को आवंटित है, इस बंगले में भी सफाई और अन्य छोटे कार्य किए जा रहे हैं। इसी तरह मंत्री ओपी चौधरी के बंगले में भी काम किया जा रहा है। बताया गया है कि सभी आवंटित बंगलों का काम पूरा होने के बाद लोक निर्माण विभाग विधिवत मंत्रियों को बंगले हैंडओवर करेगा, इसके बाद शिफ्टिंग होगी।

5379487