रायपुर। महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल ग्राउंड में आयोजित 5वीं ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट का विधायक राजेश मूणत ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करने के साथ-साथ नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री मूणत ने कहा कि, वॉलीबॉल खेल आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत लोकप्रिय और प्रसिद्ध हो चुका है। इस खेल में देश और प्रदेश के अनेक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर विशिष्ट पहचान बनाई है और नाम अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वास्थ्य, ऊर्जा और सामाजिक समरसता का भी सशक्त आधार है।

जिम निर्माण के लिए 20 लाख के अनुदान की घोषणा
इस अवसर पर उन्होंने हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल मैदान में खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त भवन निर्माण तथा खिलाड़ियों के स्वास्थ्यवर्धन एवं प्रशिक्षण के लिए प्रथम मंजिल में जिम निर्माण हेतु ₹20 लाख के अनुदान देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा से खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आयोजन समिति में विशेष उत्साह देखा गया।
रायपुर और आगरा के बीच खेला गया मैच
प्रतियोगिता के उद्घाटन दिवस पर महिला वर्ग का पहला मुकाबला रायपुर और आगरा की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की और विजयी शुरुआत की। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तालमेल, बेहतरीन सर्विस, मजबूत डिफेंस और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। प्रतियोगिता में मास्टर्स 40+ वर्ग के साथ-साथ ओपन गर्ल्स स्पर्धा भी आयोजित की जा रही है, जिसमें देश-विदेश की टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन स्थल पर पहले ही दिन खेल प्रेमियों और दर्शकों की अच्छी उपस्थिति रही तथा पूरे क्षेत्र में खेल उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर मनोज वर्मा, महेन्द्र औसर (पार्षद द्वय), मोहम्मद अकरम खान, अनुराग राठी (संरक्षक), कल्याण सिंह, विक्की वालिया, सुनील शर्मा, अध्यक्ष सैयद अनवर अली, संस्थापक सदस्य मंगलेश्वर सिंह, मार्तण्ड सिंह, जितेंद्र सिंह, पंकज नायक, सचिव रमाकांत निषाद सहित संघ के समस्त सदस्य तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का 'ई-पेपर पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज" App डाउनलोड करें।)








