भिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'डिजिटल इंडिया' विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में वैशाली नगर विधानसभा ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वैशाली नगर अब छत्तीसगढ़ का पहला ऐसा विधानसभा क्षेत्र बन गया है, जहां जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 'जनता कमल सेतु एआई' प्लेटफॉर्म की शुरुआत की गई है।
विधायक रिकेश सेन की इस अभिनव पहल से अब जनता और जनप्रतिनिधि के बीच की दूरी पूरी तरह खत्म हो गई है। यह केवल एक चैटबॉट नहीं, बल्कि एक संपूर्ण डिजिटल सहायता केंद्र है जो 24x7 नागरिकों की सेवा में उपलब्ध रहेगा।
जानिए कैसे काम करता है 'जनता कमल सेतु'
क्षेत्र की जनता को अब अपनी शिकायतों के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। प्रक्रिया बेहद सरल है, मोबाइल नंबर 9977891333 को 'जनता कमल सेतु' नाम से सेव करना होगा। वाट्सएप पर सिर्फ 'नमस्ते' या 'हैलो' भेजते ही एआई सक्रिय हो जाएगा। नागरिक अपनी समस्या को लिखकर, बोल कर या फोटो खींचकर भेज सकते हैं। शिकायत दर्ज होते ही एक टिकट आईडी जनरेट होगी, जिससे नागरिक अपनी समस्या के निराकरण की स्थिति ट्रैक कर सकेंगे।
पारदर्शिता और त्वरित समाधान का नया युग
इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शिता है। एआई सिस्टम प्राप्त शिकायतों को सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचाता है। जैसे ही समस्या का समाधान होता है, नागरिक को सीधे उनके वाट्सएप पर अपडेट प्राप्त हो जाता है। इससे न केवल भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी, बल्कि सरकारी कामकाज में जवाबदेही भी बढ़ेगी।
सिर्फ शिकायत नहीं, युवाओं और महिलाओं का सारथी
विधायक रिकेश सेन द्वारा शुरू किया गया यह प्लेटफॉर्म बहुआयामी है। समस्याओं के समाधान के आलावा यह विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ी सहायता, युवाओं के करियर मार्गदर्शन और रोजगार के अवसर, महिलाएं के लिए स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी, बुजुर्गों की सरकारी पेंशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की सरल व्याख्या में भी सहयोगी होगा।
विधायक रिकेश सेन का विजन
इस पहल पर विधायक रिकेश सेन का कहना है कि तकनीक का सही उपयोग जनसेवा को सरल और सुलभ बनाने के लिए होना चाहिए। 'जनता कमल सेतु' जनता और उनके विधायक के बीच विश्वास का एक मजबूत पुल है। छत्तीसगढ़ के राजनीतिक इतिहास में यह तकनीक के माध्यम से जनसेवा का एक 'अद्भुत मॉडल' बनकर उभरा है।
किसी भी भाषा में कर सकते हैं बात
आपको बता दें कि जनता कमल सेतु की 24×7 उपलब्धता है, इसमें किसी भी समय शिकायत दर्ज की जा सकेगी। साथ ही किसी भी भाषा में बातचीत की सुविधा है। भाजपा स्थापना दिवस पर शुरू इस सेवा के बाद वैशाली नगर विधानसभा छत्तीसगढ़ का पहला एआई-पावर्ड विधानसभा क्षेत्र बन गया है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।