बेमेतरा। साजा विकासखंड के अकोला स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पढ़ई तिहार अंतर्गत माता उन्मुखीकरण एवं ‘अंगना म शिक्षा’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं ने भाग लेकर अपने बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को करीब से समझा और गतिविधियों में शामिल होकर उनका उत्साह बढ़ाया।
नौ काउंटरों पर आधारित सीख-विकास गतिविधियां
कार्यक्रम में नौ अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए, जहां बच्चों ने अपनी माताओं के साथ मिलकर संतुलन बनाकर चलना, कूदना, जोड़ी मिलान, पेपर फोल्डिंग, रंग पहचान, वर्गीकरण, चित्रात्मक वाचन, आकृति पहचान, जोड़-घटाव और रंग भरने जैसी गतिविधियों में भाग लिया। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों के बौद्धिक, भावनात्मक और व्यवहारिक विकास को प्रोत्साहित करना था।
स्कूल स्टाफ ने किया माताओं का स्वागत
प्रधान पाठक हिम कल्याणी सिन्हा और सहायक शिक्षिका हेमलता ठाकुर ने सभी माताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अनुशासन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।
'स्मार्ट माता’ का चयन और सम्मान
कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल होने और बच्चों को सहयोग प्रदान करने के लिए मीना यादव और दुर्गेश्वरी साहू को ‘स्मार्ट माता’ के रूप में चयनित किया गया। दोनों माताओं को शाला प्रबंधन की ओर से उपहार देकर सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में माताओं की उपस्थिति
कार्यक्रम में दौलत नाथ योगी, दीनू ध्रुव, शाला प्रबंधन समिति सदस्य रामकुवर ठाकुर, उमा साहू, रोशनी साहू, सुनीता विश्वकर्मा, कल्याणी यादव, ललिता साहू, परमिला ध्रुव सहित अनेक माताएं शामिल हुईं।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)