सूरज सिन्हा - बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के खम्हारिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरगा में देर रात एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई, जहां भाजपा नेता एवं पूर्व सरपंच नोहर साहू पर गांव के वर्तमान सरपंच के पुत्र ने गले पर ब्लेड मारकर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में पीड़ित को तत्काल रायपुर रेफर किया गया है।
BJP नेता पर जानलेवा हमला
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेता नोहर साहू गांव में एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान देर रात आरोपी युवक ने अचानक उन पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में साहू के गले पर गंभीर चोट आई है।
वर्तमान सरपंच के बेटे पर आरोप
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाला युवक गांव के मौजूदा सरपंच का पुत्र है। किसी पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
गंभीर हालत में रायपुर रेफर
हमले के बाद भाजपा नेता को तुरंत उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां स्थिति गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रिफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार गले पर गहरा घाव है।
आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
वारदात के बाद से आरोपी युवक फरार है। खम्हारिया थाना पुलिस ने धारा-प्रभावित मामला दर्ज कर पीछा तेज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।