सूरज सिन्हा- बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सरकारी शराब दुकानों से अवैध रूप से कोचियों को शराब सप्लाई किए जाने के मामले में आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। हरिभूमि डॉट कॉम में प्रकाशित खबर के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
सप्लाई किए जाने की आ रही थी शिकायतें
दरअसल, बेमेतरा में सरकारी शराब दुकानों से कोचियों को शराब सप्लाई किए जाने की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं। इस मुद्दे को हरिभूमि डॉट कॉम ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया है।
पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच
मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने जिला आबकारी अधिकारी को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अवैध रूप से शराब बेचने वाले कोचियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
नियमों को ताक पर रखकर हो रही थोक बिक्री
गौरतलब है कि, सरकारी नियमों के बावजूद यहां खुलेआम बड़े पैमाने पर शराब की बिक्री की जा रही है, जिससे अवैध शराब कारोबार को बढ़ावा मिलने की आशंका जताई जा रही है।
बड़े-बड़े थैलों और बैग में भरकर दी जा रही शराब
मिली जानकारी के अनुसार, जिले की कई सरकारी शराब दुकानों से शराब कोचियों को भारी मात्रा में शराब आसानी से उपलब्ध कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि, दुकानों से शराब की बोतलें बड़े-बड़े थैलों और बैग में भरकर दी जा रही हैं, जो सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है।
मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल
इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह खुलेआम बड़ी मात्रा में शराब दी जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)